
बलौदाबाजारएक घंटा पहले

- कॉपी लिंक

बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पलारी ब्लॉक में जिला प्रशासन ने अवैध रेत खनन और परिवहन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक चेन माउंटेन मशीन और 9 हाईवा को जब्त कर लिया है। पलारी ब्लॉक के धमनी पुटपुरा रेत घाट पर बगैर पिटपास अवैध रेत खनन और परिवहन की शिकायत कलेक्टर रजत बंसल को मिली थी, जिस पर कार्रवाई की गई। गुरुवार देर रात और शुक्रवार तड़के की गई अलग-अलग कार्रवाई में कुल 9 हाईवा और एक चेन माउंटेन मशीन को जब्त किया गया।

खनिज विभाग ने कलेक्टर के निर्देश पर गुरुवार को पुटपुरा रेत घाट पर छापा मारा। यहां अवैध रेत उत्खनन और परिवहन कर रहे 4 हाईवा और एक चेन माउंटेन मशीन को जब्त कर लिया गया।सभी वाहन पुलिस चौकी लवन में खड़ी की गई हैं। वहीं शुक्रवार सुबह भी खनिज इंस्पेक्टर भूपेंद्र भगत पलारी ब्लॉक के भवानीपुर, गिधपुरी में वटगन मार्ग पर बम्हनी, मलपुरी, मोहान घाट से बगैर पिटपास के आ रही हाईवा पर कार्रवाई की। रेत से भरे 5 हाईवा को जब्त कर गिधपुरी थाने में खड़ा गया है। गुरुवार रात और शुक्रवार सुबह की गई कार्रवाई में 9 हाईवा और एक चेन माउंटेन मशीन को जब्त कर लिया गया है।

अवैध रेत परिवहन करते हाईवा जब्त।
जिले के विभिन्न घाटों पर कलेक्टर रजत बंसल के निर्देश पर अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर कार्रवाई की जा रही है। खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई से रेत माफियाओं में दहशत है।कलेक्टर का सख्त आदेश है कि नियम विरुद्ध कोई भी रेत घाट अब संचालित नहीं होगा। कलेक्टर रजत बंसल ने रेत संचालकों और खनिज विभाग के अधिकारियों को चेतावनी दी है कि वे किसी भी सूरत में अवैध रेत खनन और परिवहन को बर्दाश्त नहीं करेंगे।
CM भूपेश बघेल ने कार्रवाई के दिए थे निर्देश
बलौदाबाजार में भेंट-मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अवैध रेत खनन पर खनिज अधिकारी को कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री ने बलौदाबाजार मुख्यालय में अधिकारियों की बैठक ली थी, जिसमें उन्होंने विभागवार समीक्षा बैठक में खनिज विभाग के जिला अधिकारी कुंदन बंजारे से कहा था कि जिले में अवैध खनन हो रहा है, उस पर तत्काल कार्रवाई करें।

हाईवा को जब्त कर थाने लाया गया।
हफ्तेभर पहले भी बलौदाबाजार जिले में हुई थी कार्रवाई
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पलारी में 19 जनवरी को भी जिला प्रशासन ने अवैध रेत खनन और परिवहन पर बड़ी कार्रवाई की थी। मलपुरी रेत घाट पहुंचे तहसीलदार ने एक चेन माउंटेन मशीन और दो हाईवा को जब्त कर लिया था। तहसीलदार को आता देख ड्राइवर 20 खाली हाईवा लेकर रेत घाट से फरार हो गए थे। पिछले दो महीने में 134 वाहनों पर कार्रवाई की गई है। खनिज विभाग ने इस सीजन में करीब 30 लाख रुपए का जुर्माना वसूला है।
कलेक्टर रजत बंसल ने रेत घाट संचालकों को नियमों के तहत घाट संचालित करने की अनुमति दी है और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी कड़ी में पलारी तहसीलदार को मलपुरी रेत घाट पर मशीन से अवैध खनन और बैगर पिट पास के रेत परिवहन की सूचना मिली। जिस पर तहसीलदार नीलमणि दुबे ने गुरुवार को वहां छापा मारा। वे चेन माउंटेन मशीन जब्त करने ट्रेलर लेकर मलपुरी रेत घाट पहुंच गए। वहीं रेत घाट पर ट्रेलर लेकर तहसीलदार को आता देख घाट पर खड़े 20 खाली हाईवा लेकर ड्राइवर भाग खड़े हुए। पूरी खबर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें…
दतरेंगी में एक बार मलपुरी में दूसरी बार हुई कार्रवाई
मलपुरी रेत घाट पर दूसरी बार प्रशासन ने कार्रवाई की है। कलेक्टर रजत बंसल के पलारी दौरे के समय ग्रामीणों ने दतरेंगी-बम्हनी रेत घाट पर अवैध रेत खनन और परिवहन की शिकायत की थी, जिस पर कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग ने दतरेंगी घाट से भी चेन माउंटेन मशीन जब्त की थी। जबकि मलपुरी रेत घाट पर 19 जनवरी को दूसरी बार कार्रवाई हुई। पहली बार की कार्रवाई में चेन माउंटेन मशीन को घाट संचालक ने अंधेरे का फायदा उठाकर पहले ही नदी से बाहर निकालकर कहीं छिपा दिया था। मगर इस बार दिन में कार्रवाई की गई और तहसीलदार व पुलिस-प्रशासन की टीम पूरी तैयारी के साथ मौके पर पहुंची थी। इस वजह से घाट संचालक मशीन हटाने में सफल नहीं हो सका।

2 हाईवा और एक चेन माउंटेन मशीन पर कार्रवाई।
पलारी तहसीलदार नीलमणि दुबे ने कहा कि उन्हें सूचना मिली थी कि बैगर पिट पास के ही रेत निकाली जा रही है और हाईवा में रॉयलटी जारी नहीं किया जा रहा। इस पर वे जुनवानी चौक पर खड़े होकर गाड़ियों का इंतजार कर रहे थे, मगर उनके आने की भनक लग जाने से गाड़ियां निकलने नहीं दिया गया। काफी देर इंतजार करने के बाद ट्रेलर मंगाकर वे रेत घाट मलपुरी गए, जहां 20 खाली हाईवा, जो रेत भरने के इंतजार में खड़ी थीं, उनके ड्राइवर उन्हें देख फरार हो गए। जिस पर नदी के अंदर दो ओवर लोडेड हाईवा और बैगर अनुमति के मशीन से रेत खनन कर रहे चेन माउंटेन मशीन को जब्त किया गया है। खनिज अधिनियम के तहत कार्रवाई कर इन्हें थाने में खड़ा किया गया है। उन्होंने कहा कि अवैध रेत खनन और परिवहन पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
