रिश्वत की रकम नगद नहीं चेक से देने कहा, रंगेहाथ पकड़ाया

Share this

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-2.jpeg

एसीबी ने 50 हजार का चेक लेते किया गिरफ्तार

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-1.jpeg

रायगढ़। छत्तीसगढ़ में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रिश्वतखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रायगढ़ कलेक्टोरेट के आपदा प्रबंधन शाखा में पदस्थ एक बाबू को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी बाबू पर सर्पदंश से हुई मौत के मुआवजे की राशि जारी करने के एवज में 50 हजार रुपए रिश्वत मांगने का आरोप है। खास बात यह है कि आरोपी ने रिश्वत की रकम नकद लेने की बजाय चेक के जरिए मांगी थी।

ACB बिलासपुर की टीम ने शिकायत का सत्यापन करने के बाद मंगलवार को आरोपी बाबू राजकुमार सिदार को शिकायतकर्ता से ₹50 हजार का चेक लेते हुए गिरफ्तार किया। नकद रकम की बजाय चेक के जरिए रिश्वत मांगने और लेते पकड़े जाने का यह पहला मामला बताया जा रहा है।

सर्पदंश से पत्नी की हुई थी मौत
जानकारी के मुताबिक, ग्राम बुलाकी, तहसील पुसौर निवासी विजय सिदार की पत्नी रामकुमारी की वर्ष 2023 में सर्पदंश से मौत हो गई थी। शासन की योजना के तहत मिलने वाली मुआवजा राशि के लिए विजय सिदार ने राजस्व विभाग में आवेदन किया था।

मुआवजा प्रकरण रायगढ़ कलेक्टोरेट कार्यालय में लंबित था। मुआवजा राशि जल्द दिलाने के लिए विजय सिदार कलेक्टोरेट की आपदा प्रबंधन शाखा में पदस्थ बाबू राजकुमार सिदार से मिला।

आरोप है कि बाबू राजकुमार सिदार ने मुआवजा राशि बैंक खाते में जमा कराने के एवज में 50 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। बताया गया कि आरोपी ने मुआवजा मिलने के बाद रिश्वत की रकम देने की बात कही थी।

READ MORE  IAS कोचिंग सेंटर हादसा: मालिक और कॉर्डिनेटर के खिलाफ मामला दर्ज, RAF की हुई तैनाती

शिकायतकर्ता रिश्वत देने के बजाय आरोपी को रिश्वत लेते हुए पकड़वाना चाहता था। इसके बाद उसने पूरे मामले की शिकायत ACB बिलासपुर से की।

ACB ने जाल बिछाकर चेक लेते पकड़ा
शिकायत की जांच और सत्यापन में आरोप सही पाए जाने के बाद ACB की टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई। मंगलवार को शिकायतकर्ता ने आरोपी बाबू को ₹50 हजार का चेक दिया।
जैसे ही आरोपी राजकुमार सिदार ने चेक स्वीकार किया, ACB की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। ACB ने आरोपी के खिलाफ धारा 7, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। ACB के अनुसार रिश्वत को नकद रकम के बदले चेक से रिश्वत मांगने और लेते पकड़े जाने का यह पहला मामला है।

Share this