IAS कोचिंग सेंटर हादसा: मालिक और कॉर्डिनेटर के खिलाफ मामला दर्ज, RAF की हुई तैनाती

Share this

दिल्ली। दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर स्थित एक कोचिंग संस्थान में हादसे के बाद कोचिंग सेंटर के मालिक और कॉर्डिनेटर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। दोनों की गिरफ्तारी की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। शनिवार की शाम को कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में पानी भरने से एक छात्र और दो छात्राओं की मौत हो गई। इनकी पहचान श्रेया यादव, तान्या सोनी और नेविन डेल्विन के रूप में हुई है। तीनों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।

छात्रा श्रेया यादव यूपी के अंबेडकर नगर की रहने वाली थी। जबकि छात्रा तान्या तेलंगाना की रहने वाली थी। छात्र नेविन केरल का रहने वाला था। वह जेएनयू से पीएचडी भी कर रहा था। करीब आठ महीने से वह सिविल सर्विस की तैयारी कर रहा था। पुलिस ने तीनों के परिवारों को सूचित कर दिया गया है।

मध्य जिला पुलिस उपायुक्त एम हर्षवर्धन ने बताया मरने वालों की पहचान हो गई है। इसमें एक लड़की यूपी के अंबेडकर नगर और छात्र केरल का रहने वाला है, जबकि दूसरी छात्रा तेलंगाना की रहने वाली है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 105, 106(1), 152, 290 और 35 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है।

उधर, कोचिंग संस्थान में बचाव अभियान का काम लगभग पूरा हो गया है। कुछ ही पानी बाकी बचा है। बेसमेंट समेत इमारत पूरी तरह खाली हो गई है। कोई वहां नहीं फंसा है। हादसे के बाद दिल्ली की मेयर ने भवन उपनियमों का उल्लंघन कर चल रहे कोचिंग सेंटरों के खिलाफ कार्रवाई का आदेश दिया है।

READ MORE  बस्तर पंडुम: गृहमंत्री अमित शाह ने नक्सलियों से मुख्यधारा में शामिल होने की अपील, कहा- आप हमारे अपने हैं

दिल्ली की मेयर शैली ओबेरॉय ने एमसीडी कमिश्नर को आदेश दिया है कि दिल्ली भर में ऐसे सभी कोचिंग सेंटर जो एमसीडी के अधिकार क्षेत्र में हैं और बेसमेंट में व्यावसायिक गतिविधियां चला रहे हैं जो भवन उपनियमों का उल्लंघन कर रहे हैं और मानदंडों के अनुसार नहीं हैं, उनके खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

इस घटना के लिए एमसीडी के कौन से अधिकारी जिम्मेदार हैं, इसकी पहचान करने के लिए तत्काल जांच की जाएगी। यदि कोई अधिकारी दोषी पाया जाता है, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उधर, कोचिंग संस्थान के बाहर आरएएफ की यूनिट को तैनात किया गया है।

ओल्ड राजेंद्र नगर घटना पर दिल्ली मेयर शैली ओबेरॉय ने कहा कि “कल बहुत ही दुखद घटना हुई… जैसी ही घटना की जानकारी मिली मैं तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं। वहां पर NDRF की टीम बचाव अभियान में जुटी थी। दु:ख की बात है कि इस घटना में तीन बच्चों की मौत हो गई। मैंने कमिश्नर MCD को एक पत्र लिखा है जिसमें वो संस्थान जो MCD के क्षेत्राधिकार में आते हैं और वहां पर कानून के विरोध बेसमेंट में कोचिंग सेंटर चल रहे हैं उस पर सख्त कार्रवाई हो। अगर इस मामले MCD अधिकारी शामिल मिलते हैं तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई हो। अगर ऐसे गैर कानूनी तरीके से कोचिंग सेंटर चल रहे हैं तो उस पर कार्रवाई होगी और अधिकारी पर भी कार्रवाई होगी ऐसे समय में हमें आरोप-प्रत्यारोप नहीं करना चाहिए बल्कि कार्रवाई करनी चाहिए।

Share this