


०13 नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद
० साहू समाज भवन पाटन में शेड निर्माण के लिए 50 लाख की घोषणा

दुर्ग। जिले के ग्राम भरर (जामगांव-आर) में आयोजित तहसील स्तरीय विशाल कर्मा महोत्सव एवं सामूहिक आदर्श विवाह कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने 13 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और सुखमय दांपत्य जीवन की कामना की। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने साहू समाज भवन पाटन में शेड एवं अन्य कार्य के लिए 50 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की। साथ ही ग्राम पंचायत भरर में शौचालय व शेड निर्माण की घोषणा तथा ग्राम पंचायत में सीसी रोड निर्माण के लिए 10 लाख रूपए की घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री श्री साय ने साहू समाज को छत्तीसगढ़ का सबसे बड़ा और गौरवशाली समाज बताते हुए माता कर्मा के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि माता कर्मा की भक्ति और सेवा भावना समाज के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने भगवान जगन्नाथ और माता कर्मा की कथा का उल्लेख करते हुए इसे आस्था और विश्वास की पराकाष्ठा बताया। मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय ताराचंद साहू को भी नमन किया और उनके साथ काम किए गए काम के अनुभव साझा किया।
इस अवसर पर सांसद विजय बघेल, कमिश्नर सत्यनारायण राठौर, कलेक्टर अभिजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, अध्यक्ष जिला साहू संघ नंदलाल साहू, अध्यक्ष तेलघानी बोर्ड जितेन्द्र साहू, पूर्व अध्यक्ष छग हस्तशिल्प बोर्ड दीपक साहू, सभापति जिला पंचायत दुर्ग श्रीमती कल्पना नारद साहू, जनपद पंचायत पाटन सदस्य रामकुमार चन्द्राकर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिकगण उपस्थित थे।
