यूथ हॉस्टल्स सदस्यों ने कालेज स्टूडेंट से साझा की पर्यटन के क्षेत्र की संभावनाएं 

Share this

अपोलो कॉलेज दुर्ग में जनसंपर्क और प्रेरणादायी आयोजन में जुटे वाईएचएआई सदस्य

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-2.jpeg

भिलाई। यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (वाईएचएआई) दुर्ग-भिलाई इकाई की ओर से अपोलो कॉलेज दुर्ग (फार्मेसी एवं फिजियोथेरेपी विभाग) में एक विशेष जनसंपर्क और प्रेरणादायी आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं और प्राध्यापकों को संस्था के सामान्य परिचय, राष्ट्रव्यापी गतिविधियों तथा इसके उद्देश्यों से अवगत कराते हुए सक्रिय सदस्यता के लिए प्रेरित करना था।

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-1.jpeg

कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ राज्य शाखा के सेक्रेटरी एवं दुर्ग-भिलाई इकाई के चेयरमैन के. सुब्रमण्यम ने संस्था के राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय संगठन, सदस्यता शुल्क, प्रविधि, कार्यप्रणाली, ध्येय और हॉस्टल सुविधाओं के विषय में बेहद विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने यह भी साझा किया कि वर्तमान में छत्तीसगढ़ के भीतर रायपुर, दुर्ग-भिलाई, धमतरी, बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, जगदलपुर और राजनांदगांव सहित कुल आठ सक्रिय इकाइयाँ निरंतर कार्य कर रही हैं।

 

संस्था के फाउंडर मेंबर एस. सुरेश राव ने इस अवसर पर अपनी प्रेरणादायी बाइक राइडिंग के अनूठे अनुभवों को सभी के साथ साझा किया। विदित हो कि एस. सुरेश राव लगभग संपूर्ण भारतवर्ष की यात्रा बाइक से सफलतापूर्वक पूरी कर चुके हैं। वे लेह-लद्दाख से लेकर कन्याकुमारी तक और कच्छ से लेकर पूर्वी क्षेत्र के भी लगभग सभी महत्त्वपूर्ण स्थानों तक बाइक यात्रा कर चुके हैं।

दुर्ग-भिलाई इकाई के ईपीसी पीके सिंह ने अपने संस्मरण साझा करते हुए बताया कि जब वे अपने करियर के शुरुआती दिनों में कोचीन शिपयार्ड में थे, तब पहली बार वे यूथ हॉस्टल्स से जुड़े थे। उन्होंने छात्र-छात्राओं की विभिन्न जिज्ञासाओं का संतोषजनक समाधान किया और उन्हें इस मंच के माध्यम से मिलने वाले स्वर्णिम अवसरों का भरपूर लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया।

READ MORE  भिलाई में बहती है समरसता की बयार: सांसद बघेल

अपोलो कॉलेज के डायरेक्टर आशीष अग्रवाल ने जोर देकर कहा कि स्वास्थ्य, शारीरिक एवं मानसिक सुदृढ़ता तथा एक स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता विकसित करने के दृष्टिकोण से यूथ हॉस्टल्स एक बेहद सशक्त मंच है।

इस अवसर पर अपोलो कॉलेज ऑफ फार्मेसी से प्राध्यापकगण संध्या चन्द्राकर, विजय वर्मा, ऋतु साहू, गिरीश कुमार, लक्ष्मी नारायण साहू, हर्ष साव, अलका सेन तथा फिजियोथेरेपी विभाग के प्राचार्य डॉ. विपिन चन्द्राकर, डॉ. नेहा शर्मा, डॉ. अविनाश कुशवाहा, डॉ. प्रिया देशमुख, डॉ. सौरभ कुशवाहा, डॉ. सीमा साहू और डॉ. नामिया जे. समनानी उपस्थित रहे।

–

Share this