छात्राओं को महापौर अलका बाघमार ने वितरित किए हेलमेट

Share this

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-2.jpeg

० सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पहल,

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-1.jpeg

छात्राओं को सुरक्षित यातायात का दिलाया संकल्प

दुर्ग। सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने तथा युवाओं में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से आज वार्ड 21 तितुरडीह स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेज़ी/हिंदी माध्यम विद्यालय में छात्राओं को हेलमेट वितरण किया गया।

कार्यक्रम में महापौर श्रीमती अलका बाघमार ने लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर, वार्ड पार्षद विद्यावती सिंह, रंजीता पाटिल, अरुण सिंह, मनमोहन शर्मा तथा विद्यालय परिवार की श्रीमती शालिनी त्रिवेदी, प्रभारी प्राचार्य चरनजीत कौरे, वरिष्ठ व्याख्याता भुल्लर, ज्योति मैडम, हेमलता साहू, साधना चंद्राकर, अनुपमा मेश्राम, घनश्याम पटेल एवं अभिषेक रात्रे की उपस्थिति में विद्यालय की 18 वर्ष आयु पूर्ण कर चुकी छात्राओं को हेलमेट वितरित किए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर श्रीमती अलका बाघमार ने कहा कि छात्राएं देश का भविष्य हैं और उनकी सुरक्षा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

वर्तमान में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिनमें अधिकांश दुर्घटनाएं यातायात नियमों की अनदेखी और हेलमेट का उपयोग नहीं करने के कारण होती हैं। हेलमेट केवल कानूनी अनिवार्यता नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का सबसे प्रभावी साधन है। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय स्वयं तथा पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट अवश्य पहनना चाहिए।

महापौर ने छात्राओं से हमेशा यातायात नियमों का पालन करने, तेज गति से वाहन न चलाने, मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन नहीं चलाने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज हेलमेट प्राप्त करने वाली छात्राएं अपने घर और समाज में सड़क सुरक्षा की प्रेरक बनें और सुरक्षित यातायात का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं।

READ MORE  प्रदेश बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन ने राजशेखर को सभी पदों एवं खेल गतिविधियों से किया सस्पेंड

लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चंद्राकर ने कार्यक्रम केवल हेलमेट वितरण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। उन्होंने छात्राओं से जीवन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए हमेशा हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने का आग्रह किया।

विद्यालय की प्रभारी प्राचार्य चरनजीत कौरे ने नगर निगम द्वारा आयोजित इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे छात्राओं में सुरक्षा के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होगी। उन्होंने कहा कि विद्यालय में समय-समय पर सड़क सुरक्षा और जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिससे विद्यार्थियों में जिम्मेदारी की भावना विकसित हो।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित शिक्षकों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी छात्राओं को सुरक्षित वाहन संचालन की शपथ दिलाई और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

Share this