

भिलाई। जुनवानी स्थित ली वेलनेस स्पा सेंटर में स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार संचालित किए जाने का पुलिस ने खुलासा किया है। स्मृतिनगर पुलिस ने सूचना के आधार पर स्पा सेंटर में रेड कार्रवाई कर मैनेजर, महिला दलाल, ग्राहकों समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि जुनवानी स्थित ली वेलनेस स्पा सेंटर में पैसे लेकर महिलाओं को देह व्यापार के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद स्मृतिनगर पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर सेंटर में दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस को स्पा सेंटर मैनेजर तनय सोनी द्वारा ग्राहकों से पैसे लेकर महिलाओं को उपलब्ध कराने तथा हेमा सिंह उर्फ प्रीत के माध्यम से महिलाओं और लड़कियों को बुलाए जाने की जानकारी मिली। मौके पर ग्राहक और अन्य संबंधित व्यक्ति भी पाए गए।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 19 मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपए है, तथा ग्राहकों से प्राप्त 1,900 रुपए नगद जब्त किए हैं। इसके अलावा ग्राहकों और देह व्यापार के लिए आने वाले व्यक्तियों की जानकारी से संबंधित सामग्री, आपत्तिजनक सामग्री और अन्य दस्तावेज भी पुलिस ने जब्त किए।
इस तरह चलता था पूरा खेल
पुलिस के मुताबिक, स्पा सेंटर की आड़ में ग्राहकों से पैसे लिए जाते थे। इसके बाद महिला दलाल के माध्यम से महिलाओं और लड़कियों को बुलाकर ग्राहकों से संपर्क कराया जाता था। स्पा सेंटर का मैनेजर इस पूरी गतिविधि का संचालन करता था।
पुलिस ने मामले में अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 एवं 7 के तहत कार्रवाई शुरू की है।
गिरफ्तार आरोपी
- तनय सोनी, 23 वर्ष
- हेमा सिंह उर्फ प्रीत, 32 वर्ष
- रूपेन्द्र जंघेल, 39 वर्ष
- रितिक सोनी, 26 वर्ष
- दिनेन्द्र कुमार सोनी, 27 वर्ष
- हेमंत सिन्हा, 28 वर्ष
- अविनाश शर्मा उर्फ अभी, 32 वर्ष
- आनंद कुमार, 31 वर्ष
- अरुण पाण्डेय, 24 वर्ष
जब्ती
- 19 मोबाइल फोन, कीमत करीब 4 लाख रुपए
- 1,900 रुपए नगद
- ग्राहकों एवं देह व्यापार के लिए आने वाले व्यक्तियों की जानकारी से संबंधित सामग्री
- आपत्तिजनक सामग्री और अन्य दस्तावेज
