दुर्ग पुलिस का अनोखा अभियान “अभी नहीं तो कभी नहीं” – चाकू, कटार, कटर, तलवार, कट्टा स्वयं जमा कर दें, नहीं होगी कार्रवाई-एसपी

Share this

भिलाई नगर, 3 मार्च। इंस्टाग्राम, फेसबुक और वाट्सएप स्टेटस में जन्मदिन, विवाह समारोह या तीज त्यौहारों पर फायरिंग सहित दबंगई दिखाते हुए हथियार लहराते हुए सोशल मीडिया के माध्यम से तस्वीर और विडियो पोस्ट कर ऐसे कृत्य का सार्वजनिक प्रदर्शन करने वालों पर दुर्ग पुलिस ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है। एसपी दुर्ग डाक्टर अभिषेक पल्लव ने बताया कि कार्रवाई के दौरान यह बात भी सामने आई है कि दुर्ग भिलाई क्षेत्र में कई लोगों ने आनलाइन चाकू, कटर, खतरनाक विदेशी कटार व तलवार मंगा अपने पास रखे हुए हैं ऐसे हथियार जो कि घरेलू उपयोग और पूजा आदि से अलग हैं, की श्रेणी में आते हैं तथा कुछ युवाओं के परिजन तक को मालूम नहीं होता कि उनके बच्चे ने घातक हथियार चाकू, कटर, कटार या तलवारनुमा हथियार घर में छिपा रखा है। जिसका प्रयोग वह प्रदर्शन वह दोस्त और यारों के बीच करते हुए सोशल प्लेटफार्म पर करता रहा है। ऐसे सभी लोगों को दुर्ग पुलिस अंतिम अवसर देते हुए आज से एक अभियान जिले के सभी थानों में चला रही है जिसके तहत थाना के बाहर बाक्स रखवाए गए हैं जिनका उपयोग समय रहते करते हुए हथियार रखे लोग कर सकते हैं, ऐसा करने से वो आर्म्स एक्ट की कार्रवाई से बच सकेंगे और किसी घटना में ऐसे घातक हथियार का दुरूपयोग नहीं होगा। फिलहाल आज से वैशाली नगर थाना में यह अभियान शुरू कर दिया गया है। यहां थाना प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी ने थाना वैशाली नगर क्षेत्रान्तर्गत ऑनलाईन चाकू या अन्य माध्यम से खरीदे गये डिजाईनर चाकू या अन्य तरह के हथियार जो लोग अपने पास मंगाकर रखे हैं, उनके खिलाफ अभियान चलाकर उक्त हथियारों को स्वयं से थाने में जमा कराए जाने की अपील की जा रही है साथ ही किसी भी हथियार को सोशल मिडिया के माध्यम से इस तरह के फोटो को अपलोड न करने की समझाइश भी दी जा रही है। यदि क्षेत्रवासी द्वारा स्वयं से अपने पास रखे हथियार को जमा कराया जायेगा तो उन पर किसी भी प्रकार की कार्यवाही नहीं की जायेगी। एसपी ने कहा कि बाद में अगर पुलिस के द्वारा ऐसे लोगों को पकड़ा जायेगा तो उनके विरूद्ध वैधानिक कानूनी कार्यवाही की जावेगी। दुर्ग पुलिस चाकू कट्टा जमा करने का यह अभियान चला रही है और हर थाने के बाहर आज से बास्केट रख दिए गए हैं, अभी ऐसे हथियार स्वयं जमा करने वाले पर कोई कारवाही नहीं की जा रही है।

Share this
READ MORE  सरायपाली से भाजपा के पूर्व प्रत्याशी श्याम तांडी कांग्रेस में होंगे शामिल ?