

धमतरी। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल के रिश्तेदार के निवास पर दबिश दी है। सुबह-सुबह दो वाहनों से पहुंची करीब 8 सदस्यीय टीम ने घर के अंदर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, ED की टीम सुबह दो गाड़ियों से धमतरी स्थित आवास पर पहुंची। टीम के सदस्य घर के अंदर दस्तावेजों और अन्य संभावित साक्ष्यों की जांच कर रहे हैं। इस कार्रवाई को देखते हुए इलाके में हलचल बढ़ गई है। सुरक्षा के मद्देनजर घर के बाहर सुरक्षा बल भी तैनात है।
पुराने मामलों से जुड़े दस्तावेज खंगालने की जानकारी
सूत्रों के अनुसार, ED की टीम पुराने मामलों से जुड़े दस्तावेजों और अन्य संभावित साक्ष्यों को खंगाल रही है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मौजूदा कार्रवाई किस मामले से संबंधित है और किन दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
फिलहाल ED की ओर से इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि छापे की वजह क्या है और जांच में क्या-क्या सामने आया है। धमतरी में ED की कार्रवाई को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।
