
दुर्ग न्यूज, 7 मार्च। भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव आज सुबह 10:30 बजे रायपुर के पचपेड़ी नाका स्थित Enforcement Directorate दफ्तर पहुंचे हैं। उनके आने की खबर सुनकर ईडी ऑफिस के बाहर भारी संख्या में उनके समर्थक भी जुट गए। ईडी के सामने पेश होने के लिए उन्हें सम्मन भेजा गया था जिसमें आज समय पर अवश्य उपस्थित होने के निर्देश थे। ईडी दफ्तर पहुंचते ही देवेंद्र यादव ने मीडिया से कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार के शानदार बजट पेश करने के बाद भाजपा वालों के लिए कोई मुद्दा नहीं बचा है। वो पब्लिक के बीच किसी मुद्दे को लेकर नहीं पा रहे हैं, तो हमें बुलवा लिया और हम चले आए। हम भी ED अफसरों के साथ होली खेलेंगे, अपने समर्थकों को गुलाल लगाएंगे, किसी भी समर्थक को चिंता करने की जरूरत नहीं है। उधर बिलाईगढ़ विधायक चंद्रदेव राय भी ईडी के सम्मन पर आज ईडी दफ्तर में पेश हुए हैं। दरअसल इन सबके नाम कोयला कारोबारी सूर्यकांत तिवारी के करीबी निखिल चंद्राकर के पास से मिले कुछ हिसाब किताब के साथ लिखे मिले हैं।


देवेंद्र यादव ने कहा कि पहले ईडी और सीबीआई का बहुत सम्मान होता था लेकिन बीजेपी ने इस संस्था का दुरुपयोग कर के रख दिया। अब लोग भी समझने लगे हैं कि यह केवल एक पॉलिटिकल एजेंडा है। उसी के तहत ED के छापे पड़ते हैं। उन्होंने कहा कि हमें किसी से डरने की जरूरत नहीं है, हम कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं, डरने की जरूरत केवल बीजेपी वालों को है, क्योंकि उनकी पार्टी चुनाव में धुल जाने वाली है। ED ऑफिस पहुंचते ही अपने समर्थकों के बीच विधायक देवेंद्र यादव बहुत ही रिलैक्स मूड में दिखे। उन्होंने समर्थकों से होली के त्यौहार को एंजॉय करने के लिए कहा।

आपको बता दें कि विधायक देवेंद्र यादव का 19 फरवरी को जन्मदिन था। इसके अगले दिन 20 फरवरी को ईडी के अधिकारियों उनके सेक्टर 5 स्थित आवास पर रेड मारी थी। उनके भाई धर्मेंद्र यादव के हाउसिंग बोर्ड स्थित घर पर भी कार्रवाई की गई थी। ईडी के अधिकारियों ने देवेंद्र यादव के घर पर लगभग 17 घंटे तक कार्रवाई की। इस दौरान बंगले के बाहर विधायक समर्थकों ने जमकर हंगामा किया। घर से जब ईडी के अफसरों को कुछ नहीं मिला, तो टीम रात में ही रवाना हो गई थी। इस दौरान विधायक का मोबाइल जब्त कर ईडी ले गई थी।

