दुर्ग न्यूज़, 30 मई। दुर्ग जिले के जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र में ढलाई के दौरान कल शाम बाफना गोल्फ क्लब का पोर्च भरभराकर ढह गया है। मौके पर काम कर रहे 13 मजदूर बुरी तरह घायल हुए। सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से सभी मजदूरों को अलग-अलग हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। दुर्ग जिले के ग्राम चिखली में हुए इस हादसे से गंभीर रूप से घायल कुछ मरीजों को राम नगर सुपेला के बीएम शाह हास्पिटल में रेफर किया गया है।

आपको बता दें कि चिखली में काफी बड़े क्षेत्रफल में गोल्फ क्लब बन रहा है। इस क्लब के पोर्च की ढलाई का कार्य किया जाना था जिसके लिए ठेकेदार ने सेंटरिंग लगाई और बुधवार को जब मजदूर ढलाई कर रहे थे तभी स्ट्रक्चर गिर गया और आधा दर्जन से अधिक मजदूर नीचे दब गए। चार मजदूर 27 फुट की उंचाई से स्ट्रक्चर सहित नीचे गिरे हैं। ढलाई के दौरान 8 मजदूर पोर्च के ऊपर थे जिनमें से 4 मजदूर नीचे गिर गए। पोर्च भरभराकर गिरने से वहां चीख-पुकार शुरू हो गई। सूचना मिलते ही जेवरा सिरसा चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत बचाव कार्य रात तक जारी रहा।

जेवरा सिरसा चौकी पुलिस ने बताया कि इस घटना में दो श्रमिकों को गम्भीर चोटें आई हैं। घायल हुए मजदूरों में से 4 मजदूरों को जिला अस्पताल, 4 को महिमा अस्पताल और 5 मजदूरों को साईं अस्पताल केलाबाड़ी दुर्ग में भर्ती कराया गया है। यहां से कुछ मजदूरों को गंभीर हालत के चलते बीएम शाह हॉस्पिटल में रेफर किया गया है। हादसे में घायल मजदूरों में सुखमनदास मानिकपुरी (40 वर्ष) निवासी मठपारा दुर्ग, महेंद्र कुमार वैष्णव (34 वर्ष) निवासी डौंडी बालोद, सुखचैन यादव (42 वर्ष) निवासी पुरई उतई, उदय कुमार टेमरे (20 वर्ष) निवासी बाफना बाड़ी चिखली को जिला अस्पताल, लुकेश कुमार बंजारे (36 वर्ष) निवासी ग्राम कोसा बालोद, हेमलता चंदेल (32 वर्ष) निवासी स्टेशन मरोदा भिलाई, पूर्णिमा कोसरे (43 वर्ष) निवासी अंडा दुर्ग और डिलेश्वर साहू (27 वर्ष) निवासी तेजू राइस मिल के पास दुर्ग को साई अस्पताल दुर्ग, गोपाल राम (33 वर्ष) मरोदा भिलाई, पुष्पा बारले (30 वर्ष) मरोदा भिलाई, धर्म ठाकुर (32 वर्ष) ग्राम सिर्री बालोद, खिलावन साहू (34 वर्ष) रिसाली भिलाई और प्रमिला साहू (37 वर्ष) निवासी स्टेशन मरोदा भिलाई को महिमा अस्पताल दुर्ग में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक किसी भी मजदूर को 27 फिट ऊंचाई में काम कराने के बाद भी न तो हेलमेट दिया गया था, न ही अन्य सुरक्षा के उपाए किए गए थे। सेंटरिंग की मजबूती को लेकर भी लापरवाही बरती गई है फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
