


भिलाई। थाना वैशाली नगर पुलिस ने ऑपरेशन विश्वास अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए चिट्टा की अवैध बिक्री में लिप्त दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 7.01 ग्राम चिट्टा, बिक्री रकम और मोबाइल बरामद हुए हैं।
जानकारी के अनुसार 9 सितंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वैभव सोनी (24) और समीर जयसवाल उर्फ मुल्लु (24) जवाहर नगर स्थित शिव मंदिर के पास शादी भवन के पास नशीले पदार्थ की बिक्री कर रहे हैं। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी में आरोपियों से 7.01 ग्राम चिट्टा जिसकी कीमत लगभग 77 हजार रुपये है, 3 हजार रुपये नकद और 3 मोबाइल फोन बरामद किए गए। कुल जब्ती की कीमत 1.10 लाख रुपये आंकी गई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 5 दिन पहले उन्होंने भिलाई के गुरजीत सिंह उर्फ रूट से 10 ग्राम चिट्टा खरीदा था और उसे छोटे-छोटे पैकेट में बांटकर प्रति पुड़िया 1 हजार रुपये में बेच रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

