- नवपदस्थ आईजी अभिषेक शांडिल्य ने ली पुलिस अफसरों की पहली बैठक
भिलाई नगर। पुलिस नियंत्रण कक्ष, भिलाई में दुर्ग रेंज के नव नियुक्त पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य व्दारा जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना/चौकी प्रभारियों की बैठक ली गई।
नए आईजी श्री शांडिल्य ने पदभार ग्रहण करने के बाद मंगलवार को जिले के पुलिस अधिकारियों की पहली अहम बैठक ली। इस बैठक में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी शामिल हुए। बैठक में थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। आईजी ने कहा कि थाना प्रभारी पुलिसिंग में ढिलाई नहीं, बल्कि अनुशासन, जवाबदेही के साथ काम करें। इसके साथ ही आईजी ने कहा कि लुभावने विज्ञापन देकर ठगी करने वालों की सूची बनाएं, ऐसे गंभीर मामलों में थाना प्रभारी खुद ही FIR दर्ज करें। वहीं उन्होंने 90 दिनों में लंबित मामलों के निराकरण के निर्देश दिए हैं।
बैठक के दौरान जिले के राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों से उनका परिचय प्राप्त कर जिले की पुलिसिंग में कसावट लाने के निर्देश दिए गए। प्रमुख रूप से
(1) वित्तीय धोखाधड़ी से संबंधित मामलों को रोकने के लिए शहर के व्यावसायिक संस्थानों में ऐसे संभावित संस्था/कंपनी की पतासाजी उनका सर्वे एवं उनकी लिस्टिंग कर उनके लुभावने विज्ञापन एवं स्कीम के बारे में थाना स्तर पर जानकारी एकत्रित करें।
(2) सभी थाना प्रभारी अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की गतिविधि एवं उनके कार्यो पर निगरानी एवं प्रभावी नियंत्रण रखें।
(3) प्राप्त शिकायतो का निर्धारित समय सीमा में निराकरण करें।
(4) सभी थाना प्रभारी अधिक से अधिक प्रथम सूचना पत्र स्वयं दर्ज करें।
ख़ासकर वित्तीय धोखाधड़ी एवं गंभीर अपराधों से संबंधित प्रकरण में थाना प्रभारी अनिवार्य रूप से स्वयं प्राथमिकी दर्ज करें।
(5) थानों में धोखाधड़ी से संबंधित मामले बड़ी संख्या में लंबित हैं। ऐसे एक वर्ष से अधिक समय से लंबित धोखाधड़ी के मामलो का प्राथमिकता से निराकरण करें।
(6) नए प्रावधान के अनुसार पंजीबद्ध प्रकरणों का 60 एवं 90 दिनों में निराकरण करें।
बैठक में विजय अग्रवाल, उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग, मणीशंकर चन्द्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, सुश्री ऋचा मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात, श्रीमती ममता देवांगन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, आईयूसीएडब्ल्यू के अतिरिक्त जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना/चौकी प्रभारी उपस्थित थे।
