नायब तहसीलदार के विरुद्ध दुष्कर्म के आरोप में FIR दर्ज

Share this

रायपुर। राजधानी रायपुर में एक नायब तहसीलदार के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला दर्ज किया गया है। युवती की शिकायत पर गंज थाना पुलिस ने सूरजपुर जिले में पदस्थ नायब तहसीलदार दिवाकर भास्कर के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, युवती और आरोपी अधिकारी की पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाकर उसे रायपुर के एक होटल में बुलाया और वहां शारीरिक संबंध बनाए।

युवती का कहना है कि संबंध स्थापित होने के बाद जब उसने विवाह को लेकर बात की, तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। बाद में उसे महसूस हुआ कि शादी का वादा केवल भरोसा जीतने के लिए किया गया था। इसके बाद उसने गंज थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

जानकारी के मुताबिक, दिवाकर भास्कर वर्तमान में सूरजपुर जिले के लटौरी क्षेत्र में नायब तहसीलदार के पद पर कार्यरत हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार मामला दर्ज होने के बाद से वह उपलब्ध नहीं हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने 6 जून से मेडिकल अवकाश लिया हुआ है और तब से कार्यालय में भी उपस्थित नहीं हुए हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और उसकी लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।

जांच के दौरान पुलिस होटल में ठहरने से संबंधित दस्तावेज, मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), सोशल मीडिया चैट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच करेगी। अधिकारियों का कहना है कि शिकायतकर्ता के बयान और प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर मामला दर्ज किया गया है।

READ MORE  सड़क हादसे में बर्थ डे पार्टी में जा रहे युवक की मौत

पुलिस का कहना है कि आरोपी के सामने आने या गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Share this