

कोरबा। लगातार हो रही भारी बारिश के चलते कोरबा शहर में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। शनिवार सुबह दादर नाले में पानी का बहाव इतना तेज था कि उसे पार करने की कोशिश कर रही एक स्कॉर्पियो बहकर नाले में समा गई। गनीमत रही कि वाहन में सवार तीनों युवकों ने समय रहते दरवाजा खोलकर बाहर छलांग लगा दी। उनकी जान बच गई।
नाला पार करने की कोशिश पड़ी भारी
बताया जा रहा है कि पिछले कई दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण दादर नाला उफान पर है। इसके बावजूद तीन युवक स्कॉर्पियो से नाला पार करने की कोशिश कर रहे थे। तेज बहाव के बीच वाहन अचानक अनियंत्रित हुआ और पानी के साथ बहने लगा।
इसी दौरान गाड़ी का दरवाजा खुल गया। तीनों युवकों ने बिना देर किए वाहन से छलांग लगा दी और तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए। कुछ ही देर में स्कॉर्पियो तेज बहाव में बहते हुए पानी में डूब गई।
50 से ज्यादा घरों में घुसा नाले का पानी
दादर नाले के उफान का असर आसपास के रिहायशी इलाकों में भी देखने को मिल रहा है। चिमनी भट्ठा, आरपी नगर और शारदा विहार समेत कई इलाकों में नाले का पानी घुस गया है। बताया जा रहा है कि 50 से अधिक घर जलभराव से प्रभावित हुए हैं।
लगातार बारिश के कारण शहर में हालात बिगड़ते जा रहे हैं। प्रशासन की ओर से लोगों से उफनते नाले और जलभराव वाले रास्तों को पार नहीं करने की अपील की जा रही है।
