

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के असर से छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर तेज हो गया है। बीते 24 घंटे में अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हुई।
मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान जताया है। इस दौरान कुछ इलाकों में भारी से अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। राजधानी रायपुर में भी बारिश का सिलसिला जारी है। बारिश के कारण कई सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई है और लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
राजधानी रायपुर में सोमवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
अगले 5 दिन बिगड़ा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले पांच दिनों के दौरान बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। कुछ स्थानों पर भारी तो कहीं अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना है। प्रदेश में अब तक मौसमी बारिश लगभग सामान्य रही है और सामान्य से करीब 3 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।
कई जिलों में बारिश, तेज हवा और बिजली का अलर्ट
मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए बारिश, तेज हवा और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया है। कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में मौसम खराब रहने की संभावना है।
वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर और कोंडागांव समेत कई इलाकों में हल्की बारिश का अनुमान जताया गया है।
बलरामपुर में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटे में रघुनाथनगर और रामानुजगंज में 12-12 सेमी बारिश दर्ज की गई। राजपुर में 10 सेमी, जबकि कुसमी और चांदो में 9-9 सेमी बारिश हुई।
इसके अलावा जनकपुर-भरतपुर और अंबिकापुर में 7-7 सेमी, बलरामपुर में 6 सेमी तथा कर्तला, कोटाडोल, सामरी, दरभा, गुंडरदेही, अर्जुन्दा, बालोद, गुरूर और धमतरी में 5-5 सेमी बारिश दर्ज की गई।
गरियाबंद, राजिम, सरागांव, कोरबा, हरदीबाजार, रतनपुर, कांकेर, मगरलोड, कुकरेल, नरहरपुर, भानुप्रतापपुर, पाली, सरौना और बड़े राजपुर समेत कई इलाकों में भी बारिश हुई।
बारिश से जलभराव का खतरा
लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने की आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आकाशीय बिजली व तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है।
