दुर्ग न्यूज़, 11 मार्च। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 मार्च को देशभर में रेलवे से जुड़ी 85 हजार करोड़ रुपए की करीब 6000 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
इतना ही नहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2646 स्टेशनों पर रेलवे स्टेशनों की डिजिटल कंट्रोलिंग भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे, इससे ट्रेनों की परिचालन दक्षता और संरक्षा में सुधार होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 35 रेल कोच रेस्तरां राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा।
जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री रेलवे स्टेशनों पर 50 भारतीय जनऔषधि केंद्र राष्ट्र को समर्पित करेंगे। ये जन औषधि केंद्र लोगों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाएं प्रदान करेंगे। इसके अलावा देश के विभिन्न स्टेशनों के मध्य 10 नई सेमी हाई स्पीड वंदे भारत ट्रेन, 4 वंदे भारत एक्सप्रेस मार्ग का विस्तार और 2 अन्य रेल सेवाओं को हरी झंडी भी दिखाएंगे।
रेलवे लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम के समन्वयक राजेन्द्र कुमार पाध्ये ने बताया कि रेलवे के विकास कार्यों की ऐतिहासिक सौगातों को लेकर देशभर में 764 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। समारोह को स्टेशनों पर 10,000 डिजिटल स्क्रीन पर लाइव स्ट्रीम किया जाएगा। 12 मार्च को प्रातः 8.30 बजे से दुर्ग शहर के रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 पर भी सार्वजनिक कार्यक्रम होगा, जिसमें मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल, अध्यक्षता विधायक गजेंद्र यादव, अति विशिष्ट अतिथि विधायक डोमनलाल कोर्सेवाडा, विधायक ललित चंद्राकर, जिला भाजपा अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा रहेंगे। प्रातः 8.30 बजे स्थानीय कार्यक्रम शुरू होगा एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रातः 9.30 बजे देशभर की परियोजनाओं का वर्चुअल लोकार्पण एवं शिलान्यास कर संबोधन करेंगे। इस समारोह के माध्यम से वन स्टेशन वन प्रोडक्ट स्टॉल से जुड़े बढ़ई, सुनार, लोहार, धोबी, दर्जी आदि 6 लाख से अधिक विश्वकर्मा सीधे प्रधानमंत्री से जुड़ेंगे।
