बिरनपुर घटना से दुर्ग जिला भी अलर्ट: एसपी डाक्टर पल्लव ने जांचा नाइट गश्त, कहा-सोशल मीडिया में भड़काऊ कंटेट डालने पर होगी सख्त कार्रवाई

Share this

भिलाई नगर, 12 अप्रैल। बेमेतरा जिले में बिरनपुर की हिंसक घटना के बाद वहां धारा 144 लागू कर दी गई है। इसके साथ ही राज्य के अन्य पड़ोसी जिलों में भी अलर्ट घोषित किया गया है जिसके मद्देनजर दुर्ग जिला पुलिस भी शांति व्यवस्था बरकरार रखने मुस्तैदी से अलर्ट मोड पर है। दुर्ग एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव भी कल देर रात नाइट गश्त पर निकले और सभी पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
आपको बता दें कि दुर्ग एसपी बीती रात 2 बजे शहर में गश्त पर निकले, उनके साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। सबसे पहले उन्होंने गाड़ियों में पूरे शहर का मार्च किया। शहर की गलियों में उन्हें कोई घर के बाहर घूमते हुए नहीं मिला। इसके बाद एसपी उन चौक चौराहों पर पहुंचे जहां पर पुलिस की सुरक्षा ड्यूटी लगाई गई थी। एसपी के निर्देश पर देर रात दुर्ग पटेल चौक में सभी पुलिस अधिकारी और थाना प्रभारी बल के साथ मौजूद दिखे। एसपी ने उन्हें ब्रीफ किया और शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त को बढ़ाने के निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि देर रात कोई भी बिना कारण घूमते मिलता है तो वाहन की चेकिंग के साथ ही उस आदमी से पूरी पूछताछ करें। यदि वह सही जवाब नहीं देता और घुमाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई करें।
एसपी दुर्ग डॉ. अभिषेक पल्लव ने कहा कि बेमेतरा जिले के बिरनपुर गांव में हुई हिंसक घटना के बाद कुछ अराजक तत्व लगातार सोशल मीडिया में अफवाह फैला रहे हैं। उनके द्वारा भड़काऊ कंटेट डालकर लोगों को आक्रोशित करने का काम किया जा रहा है। कोई मौत के आंकड़े गलत बता रहा है, तो कोई इसे धार्मिक उन्माद बनाने की कोशिश कर रहा है इसलिए जिला प्रशासन लोगों से अपील करता है कि वो इस घटना या अन्य घटना को लेकर इस तरह से कोई भड़काऊ व भ्रमित करने वाले कंटेट सोशल मीडिया में न डालें। यदि कोई ऐसा करते पकड़ा जाएगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share this
READ MORE  भिलाई निगम अंतर्गत पॉश इलाके में ले सकते हैं प्लाट, आवासीय एवं व्यवसायिक भूखंडों के अंतरण की प्रक्रिया जारी, पंजीकरण से लेकर ऑक्शन तक सारी प्रक्रियाएं ऑनलाइन