
दुर्ग न्यूज़, 13 मार्च। राष्ट्रीय शिक्षक संचेतना का 7वां अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस समारोह, वीर भूमि झीलों की नगरी उदयपुर राजस्थान में हुआ। “राष्ट्र माता पन्ना धाय गौरव सम्मान” समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. केएल कोठारी, संस्थापक एवं कुल प्रमुख विज्ञान समिति उदयपुर एवं डॉ प्रभुलाल चौधरी राष्ट्रीय सचिव शिक्षक संचेतना द्वारा भिलाई की सरस्वती धानेश्वर को सम्मानित किया गया।

बता दें कि राष्ट्रीय शिक्षक संचेतना हिंदी साहित्य के क्षेत्र में देश के दस राज्यों में लगभग 30 हजार सदस्यों के साथ अनवरत कार्यरत है एवं प्रतिवर्ष अलग अलग प्रदेश में महिला दिवस के अवसर पर, साहित्य सृजन एवं समाज सेवा में लगातार कार्य कर रही महिलाओं को सम्मान प्रदान करती है। इस वर्ष विज्ञान समिति उदयपुर के सभागार में महिला दिवस समारोह एवं राष्ट्रीय संगोष्ठी के साथ 30 महिलाओं को भारत माता राष्ट्र गौरव पन्ना धाय सम्मान प्रदान किया गया।
विश्व शांति समिति भारत एवं अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन छत्तीसगढ़ की निदेशक सरस्वती धानेश्वर को साहित्य सृजन एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। श्रीमती सरस्वती धानेश्वर विगत 12 वर्षों से समाज सेवा के क्षेत्र में कार्य कर रही हैं एवं मानव कल्याण के हित में इनके आर्टिकल एवं कविताएं विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित होते रहते हैं, वे एक लेखिका एवं कवियत्री हैं।

