
दुर्ग न्यूज़, 28 मार्च। छत्तीसगढ़ की इस्पात नगरी भिलाई में गुरुवार को राष्ट्रीय योग खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। राष्ट्रीय योग फेडरेशन ऑफ इंडिया से मान्यता प्राप्त चतुर्थ सब जूनियर, जूनियर एंड सीनियर गर्ल्स, बॉयस राष्ट्रीय योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का आयोजन एवं छत्तीसगढ़ प्रेम निरंजन योगासन खेल संघ व योग लंगर भिलाई के तत्वावधान में परमहंस स्वामी सत्यांनंद सरस्वती की स्मृति में भिलाई में किया गया है। सेक्टर 6 में हो रही प्रतियोगिता 30 मार्च तक चलेगी।

राष्ट्रीय योग खेल प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ सहित असम, त्रिपुरा, नागालैंड, तमिलनाडु, केरल, दिल्ली ओडिशा, देश भर के विभिन्न राज्यों से लगभग 250 खिलाड़ी व 50 आफिशियल्स शामिल हो रहे हैं।
राष्ट्रीय योग खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ बीएसपी ऑफीसर्स एसोसियेशन अध्यक्ष नरेंद्र बन्छोर ने किया। इस अवसर पर श्री बन्छोर ने कहा कि इस्पात नगरी भिलाई में देश भर से आये हुए खिलाड़ियों का स्वागत अभिनंदन है। इस्पात नगरी भिलाई को मिनी इंडिया के रूप में जाना जाता है। भिलाई को इस्पात और शिक्षा के क्षेत्र में भी विशेष पहचान मिली है।

बीएसपी ओए अध्यक्ष ने कहा कि योग समग्र स्वास्थ्य को बढ़ावा देने का एक साधन है। इस प्रतियोगिता के माध्यम से हमारी भावी पीढ़ी को योग से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। जिस प्रकार देश में बाकी सभी खेल प्रतियोगिताओं को प्रोत्साहित किया जाता है। उसी प्रकार योग प्रतियोगिता को भी बड़े संस्थान प्रोत्साहित करें और समर्थन व प्रसार हेतु आगे आना चाहिए। ताकि देश भर में खिलाड़ियों को एक नया प्लेटफार्म मिले। राष्ट्रीय योग प्रतियोगिता भिलाई से एक संदेश जायेगा। प्रतियोगिता में भाग ले रहे खिलाड़ियों में एकता और समझ की भावना पैदा करेगा, जो देश के विभिन्न हिस्सों ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों से प्रतियोगिता भाग लेने आये हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए समाजसेवी राधे बाजपेयी ने कहा योग स्वस्थ आदतों और जीवनशैली को विकसित करके शारीरिक फिटनेस, मानसिक सतर्कता और भावनात्मक स्थिरता में सुधार करने में मदद करता है।
राष्ट्रीय योग खेल प्रतियोगिता में शामिल होने आये राष्ट्रीय योग स्पोर्ट्स फेडरेशन के संरक्षक योग शिरोमणि डॉक्टर गोपाल जी ने कहा कि मनुष्य का जीवन अत्यधिक प्रतिस्पर्धी और तनावपूर्ण हो गया है, लेकिन योग के अभ्यास से शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक कल्याण होगा। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता से चयनित योग खिलाड़ी एशिया व अंतर्राष्ट्रीय योग चैंपियनशिप में भाग लेंगे। योग खेल प्रतियोगिता से वरीयता के आधार पर पदक और नौकरी में सम्मान मिलेगा। राष्ट्रीय योग खेल प्रतियोगिता में शामिल होने आये खिलाड़ियों द्वारा मंत्रमुग्ध कर देने वाले योग मुद्राओं का प्रदर्शन किया गया।
इस अवसर पर डॉ शशिकांत जैन कार्यकारी अध्यक्ष, राष्ट्रीय योग खेल फेडरेशन दिल्ली, डीके शर्मा महासचिव राष्ट्रीय योग खेल फेडरेशन दिल्ली, रमेश लोहान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राष्ट्रीय योग खेल फेडरेशन दिल्ली, अरुण पंडा वरिष्ठ उपाध्यक्ष छत्तीसगढ़ प्रेम निरंजन योगासन खेल संघ, अजित पंडा महासचिव छत्तीसगढ़ प्रेम निरंजन योगासन खेल संघ, केशव बन्छोर सभापति नगर निगम रिसाली, अशोक महेश्वरी सरंक्षक योग लंगर, समाजसेवी व माहेश्वरी समाज भिलाई अध्यक्ष हर्ष मंत्री, भिलाई, परमजीत सिंह महासचिव ओए बीएसपी, रामकृष्ण मूंदड़ा सहित अनेक गणमान्य नागरिक, देश भर से आये योग खिलाड़ी मौजूद रहे।
