
दुर्ग न्यूज़ (कानपुर), 11 मई। शुक्रवार देर रात झांसी-कानपुर हाईवे पर थाना बड़ागांव के पारीछा ओवरब्रिज पर हुए भीषण सड़क दुघर्टना में बारात लेकर जा रही दूल्हे की कार को तेज रफ्तार डीसीएम ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में कार में आग लग गई। कार सवार दूल्हा, उसका 7 साल का मासूम भतीजा समेत 4 बारातियों की मौके पर जलकर दर्दनाक मौत हो गई। कार में सवार दो लोगों को किसी तरह बचा लिया गया। दोनों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

एरच थाना के बिलाटी गांव निवासी आकाश (23) बारात लेकर बड़ा गांव थाना के छापर गांव जा रहा था। उसकी कार में आकाश समेत उसका भाई भतीजा ईशु (7) एवं आशीष (20) समेत अन्य परिजन सवार थे। शुक्रवार रात करीब 12 बजे उनकी कार जैसे ही परीछा ओवरब्रिज के पास पहुंची पीछे से आ रहे एक डीसीएम ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद कार में आग लग गई। सभी बाराती कार के अंदर फंस गए। कोई भी बाहर नहीं निकल पाया।

दूल्हे की कार से कुछ दूरी पर उनके अन्य परिजन भी थे। जब तक वह पहुंचे कार आग की लपटों में घिर गई थी। पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। पुलिस ने किसी तरह आग बुझा कर अंदर से लोगों को निकाला। तब तक आकाश उसके भाई ईशू, आशीष समेत कार ड्राइवर की मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको पुलिस ने मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।
