


भुवनेश्वर। मयूरभंज जिले के बेतनटी थाना अन्तर्गत बुढ़ीखमार चौक के समीप आज भोर में एक ट्रक को पीछे से एक तीर्थयात्री बस ने टक्कर मार दी, जिससे तीन यात्रियों की मृत्यु हो गई। 20 यात्री घायल हैं।
बस में कुल 23 यात्री सवार थे। घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। मृतकों में 2 पुरुष एवं एक महिला हैं। घायलों में पुरुष-महिला एवं बच्चे भी शामिल हैं।

घायलों को पहुंचाया अस्पताल
जानकारी के मुताबिक हैदराबाद से तीर्थयात्रियों को लेकर बस गया जा रही थी। बूढ़ीखमार चौक के पास सड़क किनारे एक ट्रक खड़ा था। बस ने शनिवार सुबह तड़के ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बस चालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए।
हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे में बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।
बताया जा रहा है कि बस में 23 श्रद्धालु सवार थे। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और मामले की जांच कर रही है। माना जा रहा है कि हादसा बस चालक को नींद आने के कारण हुई है।
