


शिवेंद्र सिंह परिहार बनाए गए साइंस कालेज जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष

दुर्ग। बीजेपी के वरिष्ठ नेता और लगातार तीन बार के पार्षद शिवेंद्र परिहार को पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय जनभागीदारी समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। उनकी नियुक्ति सांसद विजय बघेल, विधायक गजेंद्र यादव की अनुशंसा पर की गई है। नियुक्ति आदेश गृहमंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा ने जारी किया है। वे कॉलेज की व्यवस्था और बेहतरी को लेकर होने वाले कामों की निगरानी करेंगे। साथ ही अपनी रिपोर्ट समय-समय पर शासन को प्रेषित करेंगे। इसके अलावा प्रभारी मंत्री को शैक्षणिक स्थिति और सुविधाओं से अवगत कराएंगे। शिवेंद्र पिछले लंबे समय से राजनीति में सक्रिय हैं। वे जिला योजना समिति के सदस्य और दुर्ग निगम में महापौर परिषद के सदस्य भी रह चुके हैं। भाजपा में वे शहर महामंत्री रह चुके हैं। वर्तमान में कसारीडीह-बोरसी मंडल के प्रभारी भी हैं। साइंस कॉलेज शहर की 64 साल पुरानी एक प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्था है। शहर के कई बड़े डॉक्टर, इंजीनियर, सीए, व्यापारी, उद्योगपति, राजनीतिज्ञ, साहित्यकार इस कॉलेज से पढ़कर निकले हैं।
