धान खरीदी: पिछले साल का टूटा रिकॉर्ड, 145 लाख टन से अधिक खरीदी

Share this

धान खरीदी: पिछले साल का टूटा रिकॉर्ड, 145 लाख टन से अधिक खरीदी

० 25 लाख से अधिक किसानों ने बेचा धान, अभी तक 29 हजार 599 करोड़ का भुगतान

रायपुर। छत्तीसगढ़ में 14 नवम्बर से शुरू हुए धान खरीदी का सिलसिला जारी है। अब तक के धान खरीदी में पिछले साल का रिकार्ड टूट गया है। पिछले वर्ष 144.92 लाख टन धान की खरीदी की गई थी। इस वर्ष शुक्रवार तक हुई धान खरीदी का आंकड़ा 145 लाख टन से पार हो गया है।

खाद्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार प्रदेश के 25 लाख 13 हजार किसान धान बेच चुके हैं। धान खरीदी के एवज में बैंक लिकिंग व्यवस्था के तहत अभी तक किसानों को 29 हजार 599 करोड़ रूपए का भुगतान किया गया है।

धान खरीदी के साथ-साथ कस्टम मीलिंग के लिए तेजी के साथ धान का उठाव किया जा रहा है। अभी तक 110 लाख टन धान के उठाव के लिए डीओ और टीओ जारी कर दिया गया है। जिसके विरूद्ध 87 लाख टन से अधिक धान का उठाव हो चुका है। धान खरीदी 31 जनवरी तक चलेगी।

प्रदेश के समस्त पंजीकृत कृषकों को खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में धान विक्रय हेतु टोकन की सुविधा ऑनलाईन एप्प (टोकन तुंहर हांथ) एवं उपार्जन केन्द्रों में 25 जनवरी तक के लिए उपलब्ध कराया गया है। किसान सुविधा अनुसार तिथि का चयन कर नियमानुसार धान विक्रय कर सकते है।

गौरतलब है कि राज्य सरकार द्वारा इस खरीफ वर्ष के लिए 27.78 लाख किसानों द्वारा पंजीयन कराया गया है। इसमें 1.59 लाख नए किसान शामिल है। इस वर्ष 2739 उपार्जन केन्द्रों के माध्यम से 160 लाख टन धान खरीदी अनुमानित है।

READ MORE  भिलाई स्टील प्लांट में घूम रहा है तेंदुआ, रेस्क्यू के लिए टीम तैनात, मालगाड़ी से यहां पहुंचने की आशंका

राज्य सरकार द्वारा समर्थन मूल्य के तहत 24 जनवरी को 30 हजार 762 किसानों से 1.41 लाख टन धान की खरीदी की गई है। इसके लिए 58 हजार 997 टोकन जारी किए गए थे।

Share this