


सम्मेलन में पंहुचे बड़ी संख्या में युवक-युवती
भिलाई। बीएमएस के तत्वावधान में बी मार्केट सेक्टर 6 स्थित कार्यालय में छत्तीसगढ़ प्रदेश स्तरीय युवा सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वैशाली नगर भिलाई विधायक रिकेश सेन थे। भिलाई इस्पात मजदूर संघ के आग्रह पर उन्होंने 20 लाख रुपए डोम शेड निर्माण के लिए प्रदान करने की घोषणा की।

श्री सेन ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ, श्रमिक संगठन है जो कि वर्तमान में मजबूती से खड़ी है। युवा विधायक ने सुझाव दिया कि भारतीय मजदूर संघ के पंडालों में जो खर्च होता है उसकी बचत कर गरीबों कीं बच्चों की शादी में खर्च करें। किसी गरीब के बच्चे की शादी या किसी गरीब की मदद की जा सकती है। श्री सेन ने कहा कि भिलाई इस्पात मजदूर संघ की जो भी समस्या होगी हर समस्या का समाधान उनके संज्ञान में आते ही पूरा करने की कोशिश की जायेगी। श्री सेन ने कहा कि दिल्ली में उन्होंने सेल चेयरमैन, स्टील मिनिस्टर से मुलाकात की और बैठक भी हुई। अगली बैठक बीएसपी के सीईओ, सेल अध्यक्ष, स्टील मिनिस्टर, स्टील राज्य मंत्री और भिलाई इस्पात इस्पात मजदूर संघ के महामंत्री चन्ना केशवलू के अलावा भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारी भी इस बैठक में शामिल होंगे। उन्होंने आज के इस युवा सम्मेलन पर बधाई देते हुए कहा कि सम्मेलन बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि आने वाले समय में युवाओं के हाथ में नेतृत्व होगा और देश की रक्षा और देश की ताकत युवा वर्ग ही संभालेंगे। डोम शेड के लिए 20 लाख रुपए की घोषणा पर संघ के महामन्त्री चन्ना केशवलू के साथ ही सदस्यों ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में पुरुषोत्तम देवांगन, भिलाई जिला भाजपा अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय इस्पात मज़दूर संघ मजदूरों के हितों की रक्षा के लिये बनाई गई है। उन्होने संघ के निरंतर प्रगति के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय मज़दूर संघ छत्तीसगढ़ प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष द्वारा की गई। उद्घाटन राधेश्याम जायसवाल, अखिल भारतीय मंत्री भारतीय मजदूर संघ के करकमलों से हुआ। विशिष्ट अतिथि सुनील किरवई क्षेत्रीय संगठन मंत्री मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़, योगेश दत्त मिश्र छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण बोर्ड अध्यक्ष, दिनेश कुमार पांडेय भारतीय मज़दूर संघ छत्तीसगढ़ प्रदेश महामंत्री थे। कार्यक्रम का आयोजन चन्ना केशवलू महामंत्री भिलाई इस्पात मजदूर संघ द्वारा किया गया। युवा सम्मेलन में प्रदेश भर के 33 जिलों से करीब 300 युवा शामिल हुए। भारतीय मज़दूर संघ के रीति नीति से प्रभावित होकर भिलाई इस्पात संयंत्र के दो दर्जन युवाओं ने भिलाई इस्पात मज़दूर संघ में प्रवेश लिया। अतिथियों द्वारा प्रवेश करने वाले सभी युवा कर्मचारियों को गमछा पहनाकर स्वागत किया गया। मंच संचालन भारतीय मज़दूर संघ के महामंत्री दिनेश कुमार पाण्डेय एवं आभार प्रकट प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष शंख ध्वनि सिंह द्वारा किया गया।
