
रायपुर। छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय कैबिनेट की बैठक में बर्खास्त B.Ed डिग्रीधारी सहायक शिक्षकों के हित में सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बर्खास्त सहायक शिक्षकों को पुनः नौकरी देने की बात को लेकर ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा- ‘कैबिनेट का ऐतिहासिक निर्णय, सीधी भर्ती 2023 में सेवा समाप्त 2621 बीएड अर्हताधारी सहायक शिक्षकों का सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) के पद पर समायोजन’ किया जाएगा। सभी शिक्षकों को सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद बर्खास्त किया गया था।
बता दें कि पिछली सरकार में इनकी नियुक्ति स्कूल शिक्षा विभाग में हुई थी। नियुक्ति कोर्ट तक पहुंच गई। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार प्राइमरी स्तर के बच्चों को पढ़ाने के लिए D.Ed अनिवार्य है। इसके चलते B.Ed डिग्रीधारियों को अयोग्य करार देते हुए बर्खास्त कर दिया गया था। हालांकि इससे पहले राज्य सरकार ने इन शिक्षकों की सशर्त नियुक्ति दी थी, जिसमें स्पष्ट तौर पर कहा गया था कि उनकी नियुक्ति सुप्रीम कोर्ट के अंतिम फैसले पर निर्भर रहेगी। नौकरी से निकाले जाने के बाद बीएड सहायक शिक्षक लगातार धरना-प्रदर्शन कर रहे थे। कईयों को गिरफ्तार भी किया गया था। बीएड प्रशिक्षित सहायक शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने 18 अप्रैल को नया रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की थी। यह मुलाकात 126 दिनों से समायोजन की मांग को लेकर चल रहे धरना- प्रदर्शन के बाद हुई थी।
