प्री-मानसून की दस्तक, मैदानी इलाकों में आंधी के साथ बारिश, राज्यों में मौसम के अलग-अलग मिजाज

Share this

दिल्ली। देशभर में मौसम ने एक बार फिर पलटी मारी है। प्री-मॉनसून की दस्तक साफ दिखाई दे रही है जिसके चलते मैदानी इलाकों में आंधी और बारिश का सिलसिला जारी है। लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है। वहीं पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी का दौर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने आज के मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है जिसके अनुसार देश के अलग-अलग हिस्सों में अलग-अलग रंग देखने को मिलेंगे।

दिल्ली-NCR: दिल्ली-एनसीआर में आज भी आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने हल्की बारिश और धूल भरी आंधी चलने का अनुमान जताया है और इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यहां अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में ओले भी गिर सकते हैं। राज्य की राजधानी लखनऊ, आगरा, कानपुर और गोरखपुर में बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। यहां भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।

बिहार और झारखंड: बिहार में तेज हवाओं (50-60 किमी/घंटा) के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बिजली चमकने और कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की भी संभावना है। अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। मौसम विभाग ने बिहार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं झारखंड में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

READ MORE  छत्तीसगढ़ विधानसभा में गरमाया गिग वर्कर्स का मुद्दा,मंत्री ने दी चौंकाने वाली जानकारी

मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़: मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में गरज, बिजली और तेज हवाओं (40-60 किमी/घंटा) के साथ हल्की बारिश हो सकती है जबकि पश्चिमी मध्य प्रदेश में लू चलने की संभावना है। छत्तीसगढ़ में भी तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। राजस्थान में मौसम का मिला-जुला रूप देखने को मिल सकता है। पूर्वी हिस्सों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है जबकि पश्चिमी राजस्थान में लू की स्थिति कमजोर रहेगी।

पहाड़ी राज्य: उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश, आंधी और तूफानी हवाएं चल सकती हैं। हिमाचल प्रदेश और कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की भी संभावना है।

कुल मिलाकर आज देश के अधिकांश हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मैदानी इलाकों में बारिश से गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है वहीं पहाड़ी राज्यों में मौसम की यह करवट कुछ मुश्किलें भी खड़ी कर सकती है।

Share this