पटवारी रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ाया, मुंगेली में एसीबी की कार्रवाई से हड़कंप 

Share this

बिलासपुर। ईओडब्लू/ एसीबी की टीम ने मुंगेली जिला में पटवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा है। एसीबी सूत्र से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को एसीबी इकाई बिलासपुर टीम ने मुंगेली जिले के एक पटवारी को 25,000 रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा है। आरोपी पटवारी का नाम उत्तम कुर्रे है।

रिकार्ड दुूरूस्त करने पटवारी ने मांगे रूपये

घटना के संबंध में बताया गया कि 30 मई को नगर पंचायत बोदरी निवासी टोप सिंह अनुरागी ने एसीबी कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत की। टोप सिंह ने बताया कि उसके अलावा भाई और बहनों के नाम पर ग्राम केसली कला मुंगेली में 1.43 एकड़ जमीन है। उसका नाम टोप सिंह है लेकिन राजस्व रिकार्ड में गलती से तोप सिंह लिखा गया है। इसके अलावा बहन के नाम के आगे पिता की की जगह गलती से पति लिखा गया है। अपना और बहन का रिकार्ड दुरूस्त कराने के लिए जमीन का नक्शा, खसरा, बी वन लेकर वह केसली कला पटवारी उत्तम कुर्रे से मिला।

टोप सिंह ने बताया कि सम्पर्क करने पर पटवारी ने रिकार्ड ठीक करने के लिए 25,000 रुपये मांगे। जबकि वह पटवारी को रूपया देना नहीं चाहता था। इसलिए पटवारी को पकड़वाना चाहता है। लिखित शिकायत के बाद एसीबी टीम ने अपने स्तर पर लगाए गये आरोप की जांच पड़ताल की।

शिकायतकर्ता टोप सिंह के आरोप को सही पाए जाने पर ट्रैप की योजना बनाई गई।मंगलवार 10 जून को 25 हजार रूपये रिश्वत की रकम देकर टोप सिंह को पटवारी उत्तम कुर्रे के पास भेजा गया। पटवारी ने टोप सिंह को रिश्वत की रकम देने के लिए मुंगेली स्थित अपने सुरी घाट कार्यालय में बुलाया। जैसे ही टोप सिंह ने पटवारी को रिश्वत दिया। एसीबी की टीम ने रंगे हाथ आरोपी को धर दबोचा।

READ MORE  ढाई करोड़ की अवैध शराब पर पुलिस ने चलाया बुलडोजर

एसीबी की कार्रवाई से आस पास हड़कम्प मच गया। एसीबी ने पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत अपराध दर्ज किया। समस्त कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। पटवारी उत्तम कुर्रे दाऊपारा जिला मुंगेली का मूल निवासी है।

एसीबी ने मुंगेली जिले में 6 माह के भीतर चौथी बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है। इसके पहले एसीबी की टीम ने प्राचार्य मालिक राम मेहर, बाबू हनी शर्मा, राजस्व विभाग के राजस्व निरीक्षक नरेश साहू, पटवारी सुशील जायसवाल के अलावा पटवारी के सहायक समेत पुलिस विभाग में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक राजा राम साहू, सहायक को ट्रैप कर कोर्ट में पेश किया है।

Share this