अशोकधाम मंदिर में भगदड़ से 7 श्रद्धालुओं की मौत, बिजली का पोल गिरने की अफवाह से मची अफरा-तफरी

Share this

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-2.jpeg

लखीसराय। बिहार के लखीसराय स्थित प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर में सोमवार सुबह श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हादसे में 7 श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि प्रशासन ने की है। मृतकों में सभी महिलाएं बताई जा रही हैं। कई श्रद्धालुओं के घायल होने की भी सूचना है।

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-1.jpeg

घटना के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम शुरू किया।

 

दो ट्रेनों के रुकने से बढ़ी भीड़

 

लखीसराय के डीएम शैलेंद्र कुमार के अनुसार, सुबह से ही मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। श्रद्धालुओं की कतार अशोकधाम हॉल्ट तक पहुंच गई थी। इसी दौरान हॉल्ट पर दो ट्रेनों के रुकने से भीड़ अचानक और बढ़ गई।

डीएम के मुताबिक, इसी बीच एक बिजली का पोल गिर गया। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच यह अफवाह फैल गई कि बिजली का तार लोगों के ऊपर गिर गया है। हालांकि, प्रशासन के अनुसार वह बिजली का तार नहीं, बल्कि केबल था।

अफवाह के बाद बिगड़े हालात, टूटी बैरीकेडिंग

बिजली के तार गिरने की अफवाह के बाद महिलाओं की कतार में अचानक भीड़ का दबाव बढ़ गया। कुछ ही देर में श्रद्धालु एक-दूसरे के ऊपर गिरने लगे। भीड़ के दबाव से एक तरफ की बैरीकेडिंग भी टूट गई और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

डीएम ने बताया कि स्थिति महज दो मिनट के भीतर बिगड़ गई। प्रशासन की टीम सुबह से ही मौके पर तैनात थी और पुलिस बल, एंबुलेंस, स्वास्थ्यकर्मी, टोटो एंबुलेंस और बाइक एंबुलेंस की व्यवस्था की गई थी।

READ MORE  हिंदू देवताओं की प्रतिमाओं के साथ अभद्रता, हिंदू संगठनों में आक्रोश 

घायलों का अस्पताल में इलाज जारी

हादसे के बाद घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। अधिकारी सदर अस्पताल पहुंचकर घायलों के इलाज और चिकित्सा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंदिर में दर्शन और जलाभिषेक के लिए भारी भीड़ जुटी थी। इसी दौरान पोल गिरने और करंट फैलने की अफवाह तेजी से भीड़ में फैल गई। इसके बाद श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई और लोग बचने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

इसी दौरान बैरीकेडिंग टूट गई और कई श्रद्धालु जमीन पर गिर गए। कुछ ही पलों में मौके पर चीख-पुकार मच गई।

घायल महिला बोली- पीछे से लगातार धक्का दिया जा रहा था। दबाव बढ़ने के कारण वह जमीन पर गिरकर बेहोश हो गई। बाद में आसपास के लोगों ने उसे उठाया और पानी के छींटे मारकर होश में लाने की कोशिश की।

सीएम सम्राट चौधरी ने जताया दुख

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के बेहतर और त्वरित इलाज के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों और घायलों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है

Share this