


रायपुर। ओला/ऊबर की तर्ज पर बाइक बोट स्कीम चलाने का झांसा देकर करोड़ों रुपए की ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के सरगना सहित 3 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी उत्तर प्रदेश के हैं। थाना सिविल लाइन के वर्ष 2019 के प्रकरण में गिरफ्तारी की गई है। आरोपियों द्वारा बाइक बोट स्कीम के तहत एक बाइक के लिए 62,100 रुपए जमा कराकर लाभ के रूप में प्रति बाइक हर माह 9,765/- रुपए फायदा देने का झांसा देकर आरोपी घटना को अंजाम दिए थे।
मेसर्स गर्विट इनोेवेटिव प्रमोटर्स लिमिटेड कंपनी के नाम से वर्ष 2017 से बाइक स्कीम चलाई गई थी। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न राज्यों में लगभग 200 से अधिक अपराध दर्ज किए गए हैं। इनके विरुद्ध उत्तरप्रदेश में 150, राजस्थान में 50, मध्यप्रदेश में 6, गुजरात, तेलंगाना, हिमांचल प्रदेश, हरियाणा, नागपुर महाराष्ट्र, आंध्रप्रदेश एवं अन्य राज्यों मे अपराध दर्ज हैं।

आरोपी संजय भाटी के खिलाफ 1500 से अधिक धारा 138 एनआईए एक्ट के तहत हरियाणा, दिल्ली, हिमांचल प्रदेश, पंजाब, उत्तरप्रदेश में केस दर्ज हैं। आरोपी के अनुसार इस प्रोजेक्ट में 2800 करोड़ रुपए से अधिक की रिकवरी कर ठगी की गई है। प्रवर्तन निदेशालय की टीम द्वारा आरोपियों की संपत्ति को विभिन्न प्रकरणों में अटैच किया गया है। थाना सिविल लाइन पुलिस टीम द्वारा कार्रवाई की गई। आरोपियों के खिलाफ थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 463/2019 धारा 420, 406, 34 भादवि. के तहत कार्रवाई की गई है।
ये है पूरा मामला
प्रार्थी अखिल कुमार बिसोई पिता बल्लभ बिसोई उम्र 36 साल लक्ष्मी नगर बीरगांव थाना उरला रायपुर ने लिखित आवेदन प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराया था। मेसर्स गर्विट इनोेवेटिव प्रमोटर्स लिमिटेड, चीति जनपद गौतमबुद्ध नगर उत्तर प्रदेश के डायरेक्टर व मालिक संजय भाटी, सचिन भाटी एवं अन्य लोगों द्वारा ओला की तर्ज पर बाइक बोट स्कीम के तहत एक बाइक पर 62,100 रुपए जमा कराकर लाभ के रूप में प्रति बाइक हर माह 9,765 रुपए देने का झांसा देकर प्रार्थी एवं अन्य लोगों से करोड़ो रुपए लेकर धोखाधड़ी की गयी है।
पुलिस ने ऐसे पकड़ा
थाना प्रभारी सिविल लाइन के नेतृत्व में थाना सिविल लाइन पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर गौतमबुद्ध नगर रवाना किया गया, जहां ज्ञात हुआ कि आरोपी संजय भाटी, राजेश भारद्वाज, करणपाल सिंह, केन्द्रीय कारागार भरतपुर/जयपुर राजस्थान में निरूद्ध हैं। जिस पर आरोपियों के खिलाफ न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट जारी कराया जाकर गिरफ्तारी संबंधी कार्यवाही कर पुलिस रिमांड लेकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
संजय भाटी उम्र 51 साल ग्राम चीती, थाना दकनौर, गौतमबुद्ध नगर, उत्तरप्रदेश,
करणपाल सिंह उम्र 57 साल एफ-83, गंगासागर, डिफेंस कालोनी, मवाना रोड, थाना भावनपुर, जिला मेरठ उत्तरप्रदेश,
राजेश भारद्वाज उम्र 58 साल मोहल्ला सेकपेन, खुर्जा, थाना खुर्जानगर, जिला बुलन्दशहर उत्तरप्रदेश।
