


दुर्ग। शहर के सबसे व्यस्ततम व्यावसायिक क्षेत्र स्टेशन रोड स्थित इंदिरा मार्केट में बुधवार सुबह एक इलेक्ट्रॉनिक शो रूम के गोदाम में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। शो रूम में रखा सारा इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर खाक हो गया।
घटना की सूचना पर फायर ब्रिगेड की करीब 6 गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाने जुट गईं। दोपहर तक दमकल कर्मी लगातार आग बुझाने संघर्ष करते रहे। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

आग की चपेट में आने से पास ही स्थित एक ब्यूटी पार्लर प्रोडक्ट्स के गोदाम को भी नुकसान पहुंचा है। चारों ओर धुएं का गुबार फैल गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जिसे देखते हुए स्टेशन रोड को दोनों तरफ से ब्लॉक कर दिया गया था।
दुर्ग कोतवाली थाना प्रभारी ममता शर्मा अली ने बताया कि मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और राहत कार्य में कोई बाधा न आए। एक अनुमान के मुताबिक लाखों का माल जलकर नष्ट हो चुका है। प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। इस घटना ने एक बार फिर बाजारों में फायर सेफ्टी को लेकर सवाल खड़े किए हैं।
