पेड़ के नीचे खड़ी महिलाओं पर गिरी आकाशीय बिजली, दोनों की मौके पर मौत

Share this

कवर्धा।‌ छत्तीसगढ़ में आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार की दो महिलाओं की मौत हो गई। यह घटना 8 जुलाई की शाम को हुई जब दोनों महिलाएं जंगल में चरोटा भाजी (साग) तोड़ने गई थीं।

घटना के संबंध में मिली जानकारी अनुसार तिहरी बाई (45 वर्ष) और राम बाई (30 वर्ष), जो ग्राम पंचायत कांदावानी के आश्रित गांव वाहपानी के भलनीदादर मोहल्ले की निवासी थीं। सोमवार शाम को अपने घर से करीब 2 किलोमीटर दूर पहाड़ी ढलान पर भाजी तोड़ने गई थीं। तभी अचानक मौसम खराब हो गया और गरज-चमक के साथ बारिश होने लगी।

बारिश से बचने के लिए दोनों महिलाएं एक पेड़ के नीचे खड़ी हो गईं। उनके पास एक छाता भी था। बिजली सीधे उसी पेड़ पर गिरी जहाँ वे खड़ी थीं। बिजली की चपेट में आने से छाता जल गया और दोनों महिलाओं को छाती, सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। पहाड़ी ढलान पर पत्थर होने के कारण गिरने से भी उन्हें चोट लगी और इस हादसे में दोनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई।

रात भर परिजन दोनों महिलाओं का इंतजार करते रहे, लेकिन जब देर रात तक उनका कोई पता नहीं चला, तो बुधवार सुबह ग्रामीणों की मदद से जंगल में उनकी तलाश शुरू की गई। थोड़ी देर बाद ही वाहपानी गांव के पास जंगल में दोनों महिलाओं के शव पड़े मिले।

शवों की प्राथमिक जांच से पता चला कि उनकी मौत आकाशीय बिजली गिरने से हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही कुकदूर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी आकाशीय बिजली गिरने से मौत की पुष्टि की है।

READ MORE  अंग्रेजी में शिक्षण के लिए अनुकूल वातावरण बनाने पर जोर, धनोरा आत्मानंद कालेज में हुआ राज्य स्तरीय सेमिनार
Share this