
रायपुरएक घंटा पहलेलेखक: दानिश अनवर

- कॉपी लिंक

21 जनवरी को हुए भारत-न्यूजीलैंड मैच के बाद छत्तीसगढ़ सहित देशभर के क्रिकेट प्रेमियों ने रायपुर स्टेडियम की तारीफ की। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में मैच खेलने के बाद भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली, कोच राहुल द्रविड़ सहित खिलाड़ियों, टीम स्टाफ, बीसीसीआई के ऑफिशियल, ऑब्जर्वर, मैच कमेंटेटर्स ने स्टेडियम और पिच की खूब तारीफ की। इस दौरान बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि छत्तीसगढ़ को यह सौगात देने के लिए बीसीसीआई और जय शाह को धन्यवाद।

यह भी कहा कि भारतीय खिलाड़ी स्टेडियम देखकर प्रभावित हुए हैं। रोहित शर्मा, विराट कोहली और द्रविड़ ने मुझे यहां बीसीसीआई से और मैच करने का आग्रह किया है। वहीं, रवि शास्त्री ने इसे भारत का एमसीजी बताया। एमसीजी यानी कि मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड जो ऑस्ट्रेलिया का सबसे बेहतरीन स्टेडियम है।

सुनील गावस्कर और संजय मांजरेकर ने इस स्टेडियम को भारत के बेहतरीन स्टेडियम में से एक बताया। हर्षा भोगले ने ग्राउंड को अच्छा बताने के साथ-साथ यहां के एयरपोर्ट की भी तारीफ की। इसके साथ ही यह कयास लगाया जाने लगा है कि रायपुर में आने वाले दिनों में और भी मैच होंगे।
वानखेड़े, बारामती, ईडन गार्डन भी लीज में

मुंबई का वानखेड़े स्टेडियम, कटक का बारामती स्टेडियम और कोलकाता का ईडन गार्डन भी ऐसे इंटरनेशनल स्टेडियम हैं जो लीज में राज्य क्रिकेट संघ के पास हैं। लीज में होने की वजह से स्टेडियम का मालिकाना हक क्रिकेट संघ के पास है, जिसकी वजह से यहां आईसीसी टूर्नामेंट के मैच आयोजित किए जाते हैं। सीएससीएस ने इन्हीं स्टेडियम के दस्तावेजों के आधार पर छत्तीसगढ़ सरकार ने स्टेडियम को लीज पर मांगा है, जिसकी प्रक्रिया 6 साल पहले शुरू हुई थी, लेकिन अब तक फाइल खेल विभाग में अटकी हुई है।

आईसीसी के टूर्नामेंट पर लीज का पेंच फंसा2023 में होने वाले वनडे वर्ल्डकप के मैच के लिए भी रायपुर को वेन्यू बनाए जाने की उम्मीद लोगों ने लगानी शुरू कर दी है। लेकिन इसमें लीज का पेंच है। फिलहाल स्टेडियम राज्य के खेल विभाग का है। इसके मेंटेनेंस की जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी के पास है। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (सीएससीएस) सिर्फ पिच और ग्राउंड की देखरेख करता है। नियम के अनुसार जब तक क्रिकेट संघ को लीज में यह स्टेडियम नहीं मिल जाता, तब तक आईसीसी के किसी टूर्नामेंट के मैच के लिए इसे वेन्यू नहीं बनाया जा सकता। स्टेडियम लीज पर मिलने के बाद यहां वर्ल्ड कप के मैच हो सकते हैं।
ऑस्ट्रेलिया का मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड विश्व का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम और सभी खेलों को मिलाकर दुनिया का दसवां बड़ा स्टेडियम है। इस मैदान की दर्शक क्षमता करीब 1 लाख है। पिच भी तेज है। वहीं, देश का तीसरा सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम रायपुर का है।

लीज को लेकर सरकार करेगी फैसला
“मैच के सफल आयोजन का सभी ने तारीफ की। स्टेडियम लीज मेें लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वानखेड़े और बारामती स्टेडियम के दस्तावेज भी दिए गए हैं। सरकार लीज को लेकर फैसला करेगी। संकेत मिले हैं कि स्टेडियम हमें मिल सकता है।”-जुबिन शाह, अध्यक्ष सीएससीएस
इंडिया-न्यूजीलैंड मैच के दिलचस्प मोमेंट
रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह क्रिकेट स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे मैच खेला गया। इस मैच को टीम इंडिया ने जीत लिया। मैच के दौरान कई दिलचस्प मोमेंट देखने को मिले। कुछ ने हैरान किया तो कुछ पर हंसी आई। सबसे चर्चित पल रहा रोहित शर्मा से जुड़ी घटना। पूरी प्लानिंग और मैच की तैयारियों के बाद भी ऐन मौके पर भारत के क्रिकेट कप्तान भूल गए कि करना क्या है।

दरअसल मौका टॉस का था। रवि शास्त्री रायपुर के मैदान में थे। टॉस होना था। रोहित शर्मा ने सिक्का उछाला और इसके बाद भूल गए कि करना क्या है। पीछे खड़े इंडियन प्लेयर्स रोहित के भूलने के इस मोमेंट का मजा लेते रहे और सब हंसते रहे। पूर्व क्रिकेट श्रीनाथ पूछते रहे कि करना क्या बॉलिंग या बैटिंग, माथा खुजाकर रोहित सोचते रह गए फिर कुछ सेकंड बाद कंफ्यूज अंदाज में हंसते हुए बोले बॉलिंग।

रोहित भूलने के बारे में विराट ने बताया था
ये देखकर न्यूजीलैंड के कप्तान भी खुद को हंसने से रोक नहीं पाए। रोहित के ठीक पीछे खड़े मो. शमी, युजवेंद्र चहल समेत अन्य खिलाड़ी भी खूब हंस रहे थे। अब रोहित की इस भूलने की आदत की चर्चा है। विराट कोहली का एक पुराना इंटरव्यू भी लोग शेयर कर रहे हैं, जिसमें विराट कोहली ने कहा था- “जितनी चीजें रोहित शर्मा भूलते हैं, उतना मुझे नहीं पता कोई और भूलता है। आईपैड,वॉलेट, वॉच, डेलीयूज की चीजें वो अक्सर भूल जाते हैं। उन्हें पता ही नहीं चलता कि सामान छूट गया है, जब वो होटल में पहुंच जाते हैं तब उन्हें याद आता है कि आईपैड प्लेन में था।”
इंडिया-न्यूजीलैंड मैच के बीच घुसा बच्चा
रायपुर में भारत और न्यूजीलैंड के बीच मैच खेला गया। इस बीच हुए एक मोमेंट ने इंडियन स्टार क्रिकेटर रोहित शर्मा को चौंका दिया था। दरअसल स्टेडियम में सारे सुरक्षा घेरों को तोड़कर एक 12-15 साल का फैन मैदान में घुस आया था। रोहित शर्मा ने जैसे ही एक चौका लगाया, बच्चा लांग ऑन एरिया से मैदान में कूदा और दौड़कर रोहित के गले लग गया। इतने में दूसरी ओर से आए सुरक्षाकर्मी ने झटककर लड़के को हटाया। इससे रोहित शर्मा एकदम चौंक गए और खुद को गिरने से संभाला। इंडिया की शानदार जीत का जश्न पूरे स्टेडियम में डांस के साथ मनता रहा।

बीच मैच में हुई इस घटना से रोहित शर्मा, नाराज दिखे। न्यूजीलैंड के खिलाड़ी भी हैरान रह गए कि आखिर ये कैसे हो गया। दूसरी तरफ लाइव सीन को देख रहे क्रिकेट प्रेमियों ने जबरदस्त हूटिंग की। लड़के काे मैदान में घुसने से रोकने में नाकाम सुरक्षाकर्मी बाद में उसे वहां से भगाते हुए बाहर लेकर गए। इसके बाद स्टेडियम के चारों ओर पुलिस ने पहरा बढ़ाया गया। निगरानी के लिए वालंटियर्स लगाए गए।
इस फैन पर लग चुका है साढ़े 6 लाख का फाइन
दो महीने पहले भारत और जिम्बाब्वे मैच के दौरान एक भारतीय फैन को मैदान में जबरन घुसना महंगा पड़ गया। उसे अब 6.50 लाख रुपए का जुर्माना देना पड़ा। रायपुर की तरह उस मैच में भी एक लड़का मैदान में घुस आया और सीधे रोहित शर्मा के पास पहुंच गया। उसे रोते देखा गया। मैदान पर सिक्योरिटी गार्ड्स ने उसे पकड़ लिया और खींचने लगे।
