
भिलाई। थाना पुरानी भिलाई पुलिस ने ज्वेलर्स की दुकान में कट्टा दिखाकर लूट की कोशिश करने वाले फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का नाम दीपक तिवारी है, जो रायपुर के टाटीबंध जनता कॉलोनी का रहने वाला है। पुलिस ने उसके पास से एक चाकू भी बरामद किया है और उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
दरअसल, 1 सितंबर की शाम करीब 4.30 बजे चरोदा स्थित विजय ज्वेलर्स की दुकान में दो नकाबपोश युवक घुसे। उन्होंने प्लास्टिक का थैला आगे रखकर दुकान मालिक नितेश कुमार जैन को धमकाया और देशी कट्टा निकालकर नकद व सोने-चांदी के जेवर उसमें डालने को कहा। विरोध करने पर गोली मारने की धमकी भी दी। हालांकि दुकानदार ने हिम्मत दिखाकर उन्हें पकड़ने की कोशिश की, लेकिन दोनों आरोपी मौके से बाइक पर फरार हो गए।
शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस और एसीसीयू दुर्ग की टीम ने रायपुर के टाटीबंध कब्रिस्तान इलाके से आरोपी दीपक तिवारी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने साथी हरजीत सिंह के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाने और कट्टा-चाकू दिखाकर लूट की कोशिश करने की बात कबूल की। हरजीत सिंह को रायपुर पुलिस पहले ही पकड़ चुकी है।
