गुरुग्राम हिट एंड रन केस में बड़ा खुलासा, पूरी रात क्लब में पार्टी के बाद महिला बाइकर्स का किया पीछा

Share this

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-2.jpeg

गुरुग्राम। गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर सिया उर्फ शिवानी चौहान को कार से टक्कर मारने के मामले में जांच के दौरान नया खुलासा हुआ है। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि वारदात से पहले आरोपी कल्याण बैंसला और लवनिश अपने दो अन्य साथियों के साथ पूरी रात क्लब में पार्टी कर रहे थे। इसके बाद रविवार सुबह चारों कार से फरीदाबाद के लिए निकले थे।

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-1.jpeg

जानकारी के मुताबिक पार्टी के लिए कल्याण ने अपने परिचित से कार ली थी। चारों दोस्त शनिवार रात एमजी रोड स्थित एक क्लब पहुंचे और वहां पार्टी की। रविवार सुबह क्लब से निकलने के बाद जब वे गोल्फ कोर्स रोड पर पहुंचे, तो उन्हें बाइक सवारों के समूह में एक युवती दिखाई दी।

आरोप है कि इसके बाद युवती पर कमेंट किया गया और कार से उसका पीछा शुरू कर दिया गया। इसी दौरान महिला बाइक राइडर को कार से टक्कर मार दी गई और आरोपी मौके से फरार हो गए।

कार में थे दो और युवक

क्राइम ब्रांच की पूछताछ में यह भी सामने आया है कि घटना के वक्त कार में कल्याण और लवनिश के अलावा दो अन्य युवक भी मौजूद थे। दोनों के बिहार के होने की जानकारी मिली है। आरोपियों ने पूछताछ में पुलिस को उनके नाम बताए हैं। पुलिस अब दोनों की भूमिका की जांच कर रही है और उनकी तलाश में जुटी है।

वारदात वाली जगह पर कराया गया सीन रिक्रिएशन

पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार दोनों आरोपियों को मंगलवार रात गोल्फ कोर्स रोड पर ले जाकर सीन रिक्रिएट कराया। टीम ने उन स्थानों की जांच की, जहां आरोपियों ने कथित तौर पर महिला पर कमेंट किया, उसका पीछा किया और फिर कार से टक्कर मारने के बाद फरार हुए।

READ MORE  महिला अधिकारी से फोन पर सेक्स की डिमांड, एफआईआर

दोनों आरोपी दो दिन के पुलिस रिमांड पर

कल्याण बैंसला और लवनिश को बुधवार दोपहर जिला अदालत में पेश किया गया। अदालत ने दोनों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस उनसे कार में मौजूद अन्य युवकों, घटना की पूरी कड़ी और वारदात के बाद फरार होने को लेकर पूछताछ कर रही है।

वीडियो वायरल होने के बाद दर्ज हुई FIR

महिला बाइक राइडर सिया ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। वीडियो वायरल होने के बाद सेक्टर-56 थाना पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए FIR दर्ज की। पुलिस ने सिया के बयान दर्ज किए और उनका मेडिकल भी कराया।

पुलिस ने कल्याण बैंसला और लवनिश को राजस्थान के दौसा के पास से गिरफ्तार किया था। वारदात में इस्तेमाल कार भी जब्त कर ली गई है।

जांच के लिए SIT गठित

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने SIT का गठन किया है। एसीपी सीएडब्ल्यू सुशीला देवी की अगुवाई में गठित टीम में सेक्टर-56 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज यादव, सीआईए सोहना प्रभारी एसआई बिनय और दो एएसआई शामिल हैं।

पुलिस ने मामले में BNS की धारा 109 और 78 के तहत कार्रवाई की है। जांच के दौरान आरोपियों से घटना से जुड़े अन्य पहलुओं पर भी पूछताछ की जा रही है।

Share this