
रायगढ़। जिले में किसान के खेत से एक साथ 5 अजगर का रेस्क्यू किया गया है। पुसौर ब्लॉक के ग्राम जामपाली में चित्रसेन चौहान का खेत है जहां अक्सर सांप निकलते रहते हैं, लेकिन बुधवार को किसान ने एक साथ 5 अजगर देखे। जिसके बाद स्नैक रेस्क्यू टीम को कॉल कर बुलाया।

रेस्क्यू टीम के लिए अजगर पकड़ना एक चैलेंजिंग था। क्योंकि सभी अजगर बहुत फुर्तीले थे। उनका वजन 13 से 15 किलो था और 8-9 फीट लंबे थे। जैसे ही उनको पकड़ने की कोशिश करते वे बिल में घुस जाते या फुफकारने (फू-फू) लगते। काफी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने सभी अजगरों को पकड़ा और बोरी में भरकर सुरक्षित जंगल में छोड़ा।
इस घटना के बाद गांव में ग्रामीण अपने ही खेतों में जाने से डरने लगे हैं। किसान चित्रसेन चौहान ने बताया कि स्नैक रेस्क्यू फाउंडेशन के अजय सिंह, आयुष, प्रियांशु और उनकी टीम मौके पर पहुंची, तब तक अजगर खेत के मेड़ में बने बिल में घुस गए।

काफी देर तक इंतजार करने के बाद भी जब वे नहीं निकले, तो ग्रामीणों ने किसी तरह उन्हें बाहर निकालकर पकड़ने की डिमांड की। ऐसे में गांव के अन्य ग्रामीण युवाओं के सहयोग से मेड़ को खोदा गया और एक-एक कर 5 अजगर बाहर निकाले।
स्नैक रेस्क्यू फाउंडेशन के
अजय सिंह ने बताया कि करीब 10 दिन पहले भी इसके लिए कॉल आया था, लेकिन सांप तुरंत बिल में घुस जाते थे। बुधवार को उनके एक साथ नजर आने के बाद दोबारा कॉल आया। फिर उनका रेस्क्यू किया गया और उन्हें नवापाली क्षेत्र की ओर जंगल में खुले स्थान में सुरक्षित छोड़ा गया।
