
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित भारतमाला परियोजना मुआवजा घोटाले में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस और जांच एजेंसियों ने बड़ी सफलता हासिल की है। लंबे समय से फरार चल रहे अपर कलेक्टर निर्भय कुमार साहू को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन पर आरोप है कि अभनपुर में पदस्थापना के दौरान पद का दुरुपयोग कर शासन को भारी आर्थिक क्षति पहुंचाई थी।

कैसे हुआ करोड़ों का ‘मुआवजा खेल’?
पद का दुरुपयोग: गिरफ्तारी के बाद सामने आया कि निर्भय कुमार साहू ने अभनपुर में एसडीएम (SDM) और भू-अर्जन प्राधिकारी रहते हुए सुनियोजित तरीके से इस घोटाले को अंजाम दिया था।

आरोप है कि उन्होंने कुछ रसूखदारों और बिचौलियों के साथ मिलकर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में हेरफेर की। सरकारी जमीन को निजी बताकर या गाइडलाइन से हटकर गलत तरीके से करोड़ों रुपये का मुआवजा जारी किया गया।
इस घोटाले के कारण सरकारी खजाने को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ, जबकि पात्र किसान मुआवजे के लिए भटकते रहे।
लंबी फरारी के बाद अरेस्ट
घोटाले की परतें खुलने और एफआईआर (FIR) दर्ज होने के बाद से ही निर्भय कुमार साहू अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहे थे।
जांच एजेंसियों ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना पर घेराबंदी कर उन्हें धर दबोचा।
गिरफ्तारी के बाद अब उन्हें रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा, जहाँ पुलिस उनकी रिमांड की मांग कर सकती है ताकि घोटाले में शामिल अन्य सफेदपोशों के नाम सामने आ सकें।
इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद राजस्व विभाग और मंत्रालय स्तर पर हड़कंप मच गया है।
