स्वच्छता दीदियों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर

Share this

 

० नगर निगम दुर्ग की पहल: 31 मार्च तक चलेगा स्वच्छता दीदियों का मुफ्त स्वास्थ्य परीक्षण अभियान

० ब्लड, शुगर, थायरॉइड सहित कई जांच होंगी नि:शुल्क

दुर्ग। नगर निगम/उप मुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा 14 मार्च से प्रदेश के समस्त नगरीय निकायों में स्वच्छता दीदियों एवं अमृत मित्रों के स्वास्थ्य परीक्षण हेतु विशेष शिविर आयोजित किए जाने की घोषणा की गई है।

इसी क्रम में आयुक्त सुमित अग्रवाल के निर्देश पर नगर निगम दुर्ग द्वारा मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना अंतर्गत संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट (MMU) के माध्यम से 31 मार्च तक विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन सुनिश्चित किया गया है।

नगर निगम द्वारा इन शिविरों का आयोजन स्वच्छता दीदियों के कार्यस्थल के समीप ही किया जाएगा, ताकि उन्हें सुविधाजनक तरीके से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा परामर्श, उपचार एवं निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया जाएगा।

साथ ही आवश्यकतानुसार विभिन्न जांच भी की जाएंगी, जिनमें प्रमुख रूप से ब्लड टेस्ट, थायरॉइड टेस्ट, बीपी, शुगर टेस्ट, यूरिन टेस्ट, यूरिक एसिड, एलडीएच, कोलेस्ट्रॉल सहित अन्य जांच शामिल हैं।

नगर निगम क्षेत्र में कार्यरत समस्त महिला कर्मचारियों के स्वास्थ्य परीक्षण हेतु इन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही प्रतिदिन की रिपोर्ट राज्य शहरी विकास अभिकरण को भेजी जाएगी।

शिविर की तिथियां एवं स्थान:

26 मार्च – धमधा नाका SLRM सेंटर,27 मार्च – बटालियन SLRM सेंटर, 30 मार्च – बोरसी हाट बाजार SLRM सेंटर।

Share this
READ MORE  एसआर हॉस्पिटल एण्ड कॉलेज में मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना एवं पैरामेडिकल टेक्नीशियन कोर्स के छात्र छात्राओं को सर्टिफिकेट वितरण