छत्तीसगढ़ में आज से नौतपा, भीषण गर्मी और लू का अलर्ट, सावधानी बरतने एडवाइजरी जारी

Share this

रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी का सबसे तपता दौर ‘नौतपा’ आज 25 मई से शुरू हो रहा है। हालांकि नौतपा शुरू होने से पहले ही प्रदेश में सूरज आग बरसाने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर सहित कई जिलों में तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुँच गया है, जिससे लोग भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 25 मई से 2 जून तक नौतपा प्रभावी रहेगा। इस दौरान सूर्य देव रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करेंगे, जिसके बाद अगले नौ दिनों तक सूर्य की सीधी किरणों के कारण तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। पारंपरिक मान्यता है कि नौतपा के दौरान जितनी अधिक गर्मी पड़ती है, मानसून उतना ही बेहतर माना जाता है।

प्रदेश के कई हिस्सों में अगले दो से तीन दिनों के भीतर तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाने की आशंका जताई गई है। राजधानी रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और धमतरी समेत कई जिलों में हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। दोपहर के समय गर्म हवाओं और उमस के कारण लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इन बातों का रखें ध्यान

डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर 12 से शाम 5 बजे तक अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने शरीर में पानी की कमी न होने देने, नियमित रूप से नींबू पानी, ओआरएस, आम पना और मटके का पानी पीने की सलाह दी है। बाहर निकलते समय सूती कपड़े पहनने, चेहरे को ढकने और छाते का उपयोग करने की भी सलाह की गई है।

READ MORE  71 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण, 30 पर था 64 लाख का इनाम
Share this