रायगढ़ पुलिस ने पकड़ा डेढ़ करोड़ का गांजा

Share this

० ओडिशा से एमपी भेजी जा रही थी 300 किलो गांजा की खेप

रायगढ़। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। लैलूंगा पुलिस ने ओडिशा से मध्यप्रदेश भेजी जा रही करीब 300 किलोग्राम गांजा की खेप जब्त कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में दो लग्जरी वाहन, मोबाइल फोन और गांजा समेत कुल 1.86 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा के सोनपुर क्षेत्र से दो वाहनों के जरिए भारी मात्रा में गांजा मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले पहुंचाया जा रहा है। सूचना के आधार पर लैलूंगा पुलिस ने विभिन्न मार्गों पर नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की।

जांच के दौरान कटकलिया मार्ग पर एक इनोवा क्रिस्टा और मारुति सुजुकी एक्सएल-6 को रोका गया। पुलिस को उस समय संदेह हुआ जब इनोवा में दो अलग-अलग राज्यों की नंबर प्लेट लगी मिलीं। तलाशी लेने पर दोनों वाहनों से करीब 300 किलो गांजा बरामद हुआ।

लग्जरी कारों में छिपाकर की जा रही थी तस्करी

पुलिस के मुताबिक जब्त गांजा की अनुमानित कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही इनोवा क्रिस्टा, एक्सएल-6 और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य लगभग 1 करोड़ 86 लाख रुपये आंका गया है।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि गांजा की खेप मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में उनके सहयोगियों तक पहुंचाई जानी थी। इसके बाद पुलिस ने पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।

READ MORE  महासमुन्द पुलिस ने पकड़ा 4.76 करोड़ का सोना, सोने (Gold) की बिस्किट और पत्ती की तस्करी पर बड़ी कार्रवाई

तीन आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निखिल कश्यप (रामानुजगंज, बलरामपुर), रिंकु कश्यप (दरिमा, सरगुजा) और धर्मेन्द्र कुमार मौर्य (अनूपपुर, मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमों को सरगुजा और मध्यप्रदेश रवाना किया गया है।

Share this