मैहर में ट्रक से टकराई तेज रफ्तार XUV, एक ही परिवार के 5 युवकों की मौत, एक की हालत गंभीर

Share this

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-2.jpeg

मैहर। मध्यप्रदेश के मैहर जिले में सोमवार देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (NH-30) पर एक भीषण सड़क हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा देहात थाना क्षेत्र के रिगरा गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार XUV कार सामने चल रहे ट्रक के पीछे जा घुसी।

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-1.jpeg

जन्मदिन समारोह से लौटते समय हुआ हादसा

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी युवक किसी रिश्तेदार के यहां आयोजित जन्मदिन समारोह में शामिल होकर मैहर लौट रहे थे। देर रात रिगरा गांव के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि XUV का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और सभी युवक कार के भीतर फंस गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर निकाले गए युवक

सूचना मिलते ही डायल-112, हाइवे पेट्रोलिंग टीम, 108 एंबुलेंस और राष्ट्रीय राजमार्ग एंबुलेंस सेवा (1033) मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से लंबे समय तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।

रेस्क्यू के दौरान पांच युवकों को मृत घोषित किया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल युवक को पहले अमरपाटन सिविल अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया गया।

एक ही परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

जानकारी के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले पांचों युवक मैहर से कांग्रेस के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी मनीष पटेल के परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। एक ही परिवार के पांच युवकों की एक साथ मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। अस्पताल में देर रात से परिजनों और शुभचिंतकों की भारी भीड़ जुटी रही। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

READ MORE  मनीष सिसोदिया को ‘सुप्रीम’ जमानत, 17 महीने बाद जेल से आएंगे बाहर 
Share this