उपजेल अधीक्षक को कारण बताओ नोटिस, कलेक्टर अभिजीत सिंह ने किया केंद्रीय जेल का आकस्मिक निरीक्षण

Share this

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-2.jpeg

 

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-1.jpeg

दुर्ग। जिला कलेक्टर एवं दण्डाधिकारी अभिजीत सिंह ने आज केन्द्रीय जेल दुर्ग का आकस्मिक निरीक्षण किया। जेल परिसर भ्रमण के दौरान उन्होंने कल्याण शाखा, उद्योग शाखा, जेल अस्पताल, कम्प्यूटर प्रशिक्षण/एलईडी बल्ब उद्योग, नवनिर्मित बैरक एवं अस्पताल भवन, पाकशाला, नवीन जेल, प्रिजनर कॉलिंग, एमसीयू. कक्ष, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष, मुलाकात कक्ष, निर्वाह शाखा, विधि शाखा, वारंट शाखा, लेखा शाखा, सीसीटीवी. कक्ष तथा महिला प्रकोष्ठ का अवलोकन किया। वारंट शाखा में विचाराधीन एवं कैदी वारंटों का जायजा लेते हुए उन्होंने विचाराधीन प्रकरणों में सुनवाई हेतु बंदियों की अधिक से अधिक पेशी वर्चुअल माध्यम से कराए जाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री सिंह ने पीड़ित पक्ष की लंबित राशि के भुगतान संबंधी जानकारी शीघ्र प्राप्त कर समिति में प्रस्तुत करने तथा भुगतान शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जेल में नवनिर्मित भवनों (बैरक एवं स्टाॅफ क्वार्टर) के यथाशीघ्र उपयोग हेतु निर्देशित किया, वहीं बंदियों द्वारा निर्मित बैरक को लोक निर्माण विभाग से समन्वय स्थापित कर शीघ्र हैंडओवर करने के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने जेल के उद्योग शाखा में शेड निर्माण हेतु लोक निर्माण विभाग से एस्टीमेट प्राप्त कर आवश्यक कार्यवाही करने तथा जेल परिसर में पानी निकासी हेतु नाली की नियमित सफाई कराने के भी निर्देश दिए।

जेल अधीक्षक मनीष संभाकर ने बताया कि बंदियों द्वारा निर्मित सामग्रियों को विभिन्न जेलों, न्यायालयों सहित अन्य विभागों को उनकी मांग के आधार पर निर्धारित दर पर उपलब्ध कराया जाता है। इस पर कलेक्टर श्री सिंह ने बंदियों द्वारा निर्मित सामग्रियों की अधिक से अधिक बिक्री सुनिश्चित करने हेतु अधीक्षक को आवश्यक सुझाव दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जेल द्वारा संचालित गौशाला का भी अवलोकन किया। इस दौरान उप जेल अधीक्षक (उद्योग) अशोक कन्नौजिया निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं मिले, जिस पर कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर करते हुए उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जेल में निरुद्ध पुरुष बंदी 2273 एवं महिला बंदी 134 (05 बच्चे सहित) लॉकअप में रहे। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर सोनल डेविड, एसडीएम दुर्ग शहर प्रफुल्ल कुमार गुप्ता उपस्थित रहे।

READ MORE  राव स्टडी सेंटर हादसा: बेसमेंट में थी लाइब्रेरी, कई दिनों से घुस रहा था पानी, नहीं ली सुध; तीन छात्राओं की मौत
Share this