

आंध्र प्रदेश। बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन तेजी से मजबूत हो रहा है और आने वाले दिनों में इसके गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप लेने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बाद आंध्र प्रदेश में अलर्ट बढ़ा दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने अपील की है।
27 अक्टूबर तक गंभीर चक्रवाती तूफान बनने का अनुमान
आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (APSDMA) के प्रबंध निदेशक प्रखर जैन ने लोगों को किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि बंगाल की खाड़ी में बनी मौसम प्रणाली लगातार मजबूत हो रही है और आने वाले दिनों में इसका प्रभाव बढ़ सकता है।
रविवार सुबह 5:30 बजे डिप्रेशन पूर्वी-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर केंद्रित था। यह करीब 5 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दक्षिण-पूर्व दिशा में आगे बढ़ रहा था।
26 अक्टूबर को चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, डिप्रेशन के रविवार को और मजबूत होकर डीप डिप्रेशन में बदलने की संभावना है। इसके बाद इसके धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर मुड़ने का अनुमान है।
पूर्वानुमान के अनुसार, 26 अक्टूबर की सुबह तक यह सिस्टम चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है, जबकि 27 अक्टूबर की सुबह तक इसके गंभीर चक्रवाती तूफान बनने की आशंका है।
28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश तट से टकराने का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, सिस्टम के उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने और आगे चलकर बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। 28 अक्टूबर की सुबह के आसपास इसके आंध्र प्रदेश तट के पास पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में पहुंचने का अनुमान है।
इसके बाद 28 अक्टूबर की दोपहर से पहले बापटला और विशाखापत्तनम के बीच आंध्र प्रदेश-यानम तट को पार करने की संभावना जताई गई है।
125 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है हवा की रफ्तार
तट पार करने के दौरान तूफान के साथ 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटे की लगातार हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं, हवा के झोंकों की रफ्तार 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
ऐसे में तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
