


मुख्यमंत्री ने सैजेस जामगांव (एम) स्कूल भवन का किया लोकार्पण, 2 करोड़ की लागत से बना है भवन
दुर्ग न्यूज, 2 फरवरी। स्वामी आत्मानंद स्कूल जामगांव (एम) के लोकार्पण मौके पर पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने यहां स्थापित एस्ट्रोलैब भी देखी। यहां पर बच्चों ने मुख्यमंत्री को बताया कि किस तरह से ग्रेविटेशन का प्रभाव अलग-अलग ग्रहों में पड़ता है। मुख्यमंत्री ने स्वयं इस लैब में विभिन्न ग्रहों के भार को हाथों में लेकर महसूस किया। मुख्यमंत्री ने बच्चों से चर्चा में कहा कि आप लोगों को बहुत सुंदर तरीके से खगोल विज्ञान के बारे में जानकारी दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने यहां टेलिस्कोप भी देखा। साथ ही भारत के अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा एवं कल्पना चावला आदि के कार्य का डिस्प्ले भी देखा। मुख्यमंत्री स्कूल के फिजिक्स, केमेस्ट्री और बायो लैब में भी गए।
यहां पर उन्होंने बच्चों से प्रश्न भी पूछे। मुख्यमंत्री को बच्चों ने बताया यहां सारी सुविधाएं हमें मिल रही हैं। टीचर बहुत अच्छे हैं और हमें विशेष तरीके से पढ़ाई कराई जाती है। स्मार्ट क्लास ले जाया जाता है। मुख्यमंत्री ने ऑडियोविजुअल क्लास भी देखी। मुख्यमंत्री ने बच्चों के अभिभावकों शिक्षकों से भी चर्चा की। दो करोड़ रुपए की लागत से बने स्कूल भवन में बच्चों की शैक्षणिक सुविधा के साथ खेल मैदान भी है और बच्चों की खेल संबंधी सुविधाओं का ध्यान भी रखा गया है। कलेक्टर पुष्पेंद्र मीणा ने बताया स्कूल में शिक्षकों की समुचित व्यवस्था की गई है साथ ही बच्चों के विकास के लिए सभी संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं।

