दुर्ग न्यूज, 20 फरवरी। शासकीय शालाओं में पदस्थ शिक्षक एवं व्याख्याता एलबी सोमवार को एक दिवसीय हड़ताल पर रहे। उनकी प्रमुख मांग पेंशन योजना को लेकर है। उनका कहना है कि सेवा में ज्वाइन करने के समय से पेंशन योजना लागू हो। उनके हड़ताल पर जाने से शालाओं में पढ़ाई के साथ कई स्कूलों में मिड डे मील का वितरण भी प्रभावित हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार शिक्षक एवं व्याख्याता एलबी पहले तो पुरानी पेंशन योजना की मांग कर रहे थे। अब जाकर उन्हें पता चला कि इस योजना से उन्हें लाभ नहीं मिल रहा है। इसी तरह सेवा हस्तांतरण की मांग की जगह उन्होंने संविलयन की मांग रखी। सरकार ने जुलाई 2018 से शिक्षा कर्मियों का पंचायत विभाग से शिक्षा विभाग में संविलयन कर दिया। इससे उनका पदनाम बदला और वेतनमान भी बढ़ गया लेकिन पेंशन का लाभ वर्ष 2018 से ही मिल रहा है। उनकी नियुक्ति संविलयन तारीख से मानी जा रही है। उनकी वरिष्ठता भी नहीं मिल रही है। इसको लेकर ही यह शिक्षक संवर्ग फिर आंदोलन की राह पर है।
