

भिलाई नगर, 5 मार्च। रोका छेका अभियान के तहत आवारा मवेशियों को पकड़ने भिलाई निगम की टीम शहर में अपने संसाधनों के साथ घूमती रही, जहां भी आवारा मवेशी नजर आये उन्हें काऊ केचर वाहन में डालकर सीधे गौठान में छोड़ा गया। मुख्य रूप से मार्केट क्षेत्र तथा अंदरूनी क्षेत्र की सड़कों के किनारे घूमने वाले मवेशियों को टारगेट किया गया, पावर हाउस मार्केट, सर्विस रोड के किनारे, शासकीय अस्पताल के सामने, न्यू बसंत टॉकीज के पास, आईटीआई खुर्सीपार, तेलहा नाला, खुर्सीपार गेट के समीप तथा केनाल रोड पर टीम ने पशुओ को पकड़ने की कार्रवाई की। तीन दिनों में कुल 45 आवारा मवेशियों को पकड़ा गया। नेशनल हाईवे को भी टारगेट किया जा रहा है। भिलाई निगम क्षेत्र अंतर्गत फ्लाई ओवर ब्रिज का निर्माण हो रहा है जिसकी वजह से सड़क सकरी हो गई है, वहीं दिन रात हजारों वाहनो का इस मार्ग से गुजरना होता है, सड़कों पर आवारा मवेशियों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनीं रहती है। खासकर रात्रि में पशुओं के सड़कों पर बैठे होने से और भी ज्यादा परेशानियां बढ़ जाती है, काले रंग के पशु तो आसानी से नजर भी नहीं आते है। इन सब कारणों से भिलाई निगम द्वारा आवारा मवेशियों को पकड़ने अभियान छेड़ दिया गया है। पशुओं को पकड़ने के दौरान कई पशुपालक स्पाॅट पर ही पशु को छोड़ने की मांग करते रहे परन्तु निगम की टीम ने गौठान से रसीद कटवाकर पशु को ले जाने कहा गया और भविष्य में सड़कों पर मवेशियों को नहीं छोड़ने की चेतावनी दी। आवारा मवेशियों को पकड़ने के लिये टीम पूर्ण रूप से प्रशिक्षित है, विशेषकर यह देखा जा रहा है कि मवेशियों को पकड़ने के दौरान उन्हें चोट न लगे।

