लैंड फॉर जॉब स्कैम : दिल्ली से बिहार तक लालू के सभी ठिकानों पर ED की छापेमारी

Share this

 

नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय ED ने लैंड फॉर जॉब स्कैम केस में शुक्रवार को दिल्ली, मुंबई और पटना में कई जगहों पर छापेमारी की। जानकारी के अनुसार ईडी की टीम ने दिल्ली में 15 जगहों पर रेड मारी है, जिसमें लालू यादव की बेटियों के घर भी शामिल हैं। इसी के साथ पटना में आरजेडी के पूर्व विधायक अबू दोजाना के घर पर भी ईडी की टीम पहुंची है और छापेमारी जारी है। पूर्व MLA अबू दोजाना पेशे से बिल्डर हैं।

जमीन के बदले नौकरी मामले में लालू यादव की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। अभी दो दिन पहले सीबीआई की टीम ने लालू यादव से दिल्ली में पूछताछ की थी। वहीं शुक्रवार को ईडी ने दो राज्यों में छापेमारी कार्रवाई की है। जानकारी के मुताबिक लालू यादव की तीन बेटियों के घर भी रेड की गई है। उनकी बेटी हेमा, रागिनी और चंदा का घर दिल्ली में है, जिनके घर पर ईडी की टीम मौजूद है। सूत्रों की मानें तो बिहार के उप मुख्यमंत्री और लालू यादव के बेटे तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) के दिल्ली आवास पर भी ईडी की टीम पहुंची है।

क्या है लैंड फॉर जॉब स्कैम ?

यह मामला लालू प्रसाद के 2004 से 2009 के बीच रेल मंत्री रहने के दौरान उनके परिवार को तोहफे में जमीन देकर या जमीन बेचने के बदले में रेलवे में कथित तौर पर ‘ग्रुप-डी’ की नौकरी दिए जाने से संबंधित है। प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि कुछ लोगों को मुंबई, जबलपुर, कोलकाता, जयपुर और हाजीपुर स्थित रेलवे के विभिन्न जोन में 2004-2009 के दौरान ग्रुप-डी पदों पर नियुक्त किया गया और इसके बदले में उन लोगों ने या उनके परिवार के सदस्यों ने लालू यादव और एके इंफोसिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी के नाम पर अपनी जमीन दी। बाद में इस कंपनी का स्वामित्व प्रसाद के परिवार के सदस्यों ने अपने हाथ में ले लिया था।

READ MORE  झारखंड प्रदेश अध्यक्ष को विस्तृत रिपोर्ट सौंप विधायक रिकेश आज करेंगे छत्तीसगढ़ वापसी

ये भी आरोप लगाया गया है कि पटना में लालू प्रसाद के परिवार के सदस्यों ने पांच बिक्री सौदों, दो उपहार सौदों के माध्यम से 1,05,292 वर्ग फुट जमीन लोगों से ली। इसके लिए विक्रेताओं को नगद भुगतान करने को कहा गया। इस जमीन की कीमत वर्तमान ‘सर्किल रेट के अनुसार 4.32 करोड़ रुपये है, लेकिन लालू प्रसाद के परिवार को यह जमीन इससे बहुत कम दाम पर बेची गई।

Share this