
रायपुर 16 मार्च। प्रदेश के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने विधानसभा में जानकारी दी है कि अब बड़े अपराधों में इस्तेमाल किए जाने वाले नारको टेस्ट के लिए देश के बड़े राज्यों में नंबर नहीं लगाना पड़ेगा। नारको टेस्ट के लिए छत्तीसगढ़ अब आत्मनिर्भर बन गया है। राज्य सरकार ने नारको टेस्ट के लिए जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर ली है और रायपुर एम्स के साथ मिलकर इसके लिए जरूरी मशीनें भी मंगा ली गई हैं।

गृहमंत्री श्री साहू ने विधानसभा में अनुदान मांगों पर चर्चा करते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ पुलिस
अपराधियों पर लगाम कसने के लिए लगातार नयी तकनीकों का इस्तेमाल कर रही है। बढ़ते हुए साइबर अपराधों पर नकेल कसने के लिए सभी पांच रेंज मुख्यालयों में साइबर थानों की स्थापना की जा रही है। अपराधों पर लगाम लगे इसके लिए दुर्ग में फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी कालेज खोला जाएगा।
वर्तमान में प्रदेश के डायल 11 जिलों में 112 की सुविधा थी। जिसे अब अन्य 17 जिलों में भी शामिल कर लिया गया है। इस तरह से अब डायल 112 की सुविधा 28 जिलों में हो गई है।

