
बालाघाट, 23 अप्रैल। पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में जवानों ने दो खूंखार महिला नक्सलियों को मार गिराया है। दोनों महिला नक्सलियों पर तीन राज्यों की सरकार ने लाखों रुपये का इनाम घोषित किया था। छत्तीसगढ़ की रहने वाली दोनों महिला नक्सलियों को मध्य प्रदेश की बालाघाट पुलिस ने शुक्रवार-शनिवार रात को हुए एक मुठभेड़ में मार गिराया।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार-शनिवार की रात करीब 3 बजे बालाघाट के गढ़ी नदी थाना इलाके में कदला के जंगल में पुलिस नक्सलियों की मुठभेड़ हुई थी। इस मुठभेड़ में दो महिला नक्सली सुनीता और सरिता मारी गई। मौके पर पुलिस ने हथियारों के साथ ही विस्फोटक सामान बरामद किया है। दोनों महिला नक्सली छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र की सीमा पर सक्रिय थी। तीनों राज्यों की सरकारों ने इन पर इनाम घोषित कर रखा था।
मुठभेड़ में मारी गई सुनीता उर्फ सोमडी मंडावी छत्तीसगढ़ के सुकमा के जगरगुंडा इलाके की रहने वाली थी। सुनीता 5 से ज्यादा बड़ी वारदातों में शामिल थी। दूसरी महिला नक्सली सरिता उर्फ बिज्जे है। वह सुकमा जिले के चिंतलनार इलाके की रहने वाली थी। दो नक्सली घटनाओं में शामिल थी। दोनों माओवादी एरिया कमेटी मेंबर के तौर पर सक्रिय थीं। दोनों पर 14-14 लाख रूपये का इनाम घोषित था। महाराष्ट्र सरकार ने 6 लाख, छत्तीसगढ़ सरकार ने 5 लाख तथा मध्य प्रदेश की सरकार ने 3 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था।

