


भिलाई नगर, 15 मई। दुर्ग में देर रात एक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है। यह हादसा शिवनाथ नदी स्थित फ्लाई ओवर के पास हुआ है जिसमें कार और बाइक में आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हुई है। बाइक सवार तीन युवकों में से 2 गंभीर अवस्था में अंजोरा पुलिस के द्वारा जिला अस्पताल में दाखिल कराए गए थे परंतु उपचार के दौरान दोनों युवक की मौत हो गई। तीसरा बाइक सवार सुरक्षित बताया जा रहा है।
अंजोरा चौकी प्रभारी उप निरीक्षक पवन देवांगन ने बताया कि घटना कल देर रात लगभग साढ़े 9 बजे की है। तेज रफ्तार कार दुर्ग से राजनांदगांव की ओर जबकि बाइक राजनांदगांव से दुर्ग की ओर आ रही थी। बाइक में 3 लोग सवार थे। शिवनाथ नदी ओवर ब्रिज पर दोनों ही वाहनों के मध्य आमने सामने की जबरदस्त भिड़ंत हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कार और बाइक को जब्ती बना लिया है। कार क्रमांक एमपी 50 सी ए 0698 मध्य प्रदेश पासिंग कार है। घटना के बाद आरोपी कार चालक फरार हो गया जबकि बुलेट सीजी 07 एजेंड 9026 दुर्ग जिले की है। बुलेट सवार तीनों युवक भिलाई के रहने वाले हैं जो कि राजनांदगांव से दुर्ग की ओर आ रहे थे। मृतकों में मोटरसाइकिल चालक अल्ताफ गनी पिता नसीरुद्दीन (24 वर्ष) निवासी तालपुरी भिलाई और पीछे बैठे युवक संदीप आनंदन पिता राधे (35 वर्ष) निवासी रूआबांधा भिलाई शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि बुलेट तेज रफ़्तार से कार को गलत दिशा से जा कर लेफ्ट साइड टकराई और बाइक के दोनों सवार गंभीर रूप से घायल हो गये। दोनों घायलों को अस्पताल पहुँचाया गया था। घटनास्थल शिवनाथ नदी पुल के तरफ़ पृथ्वी पैलेस से पहले अँजोरा साइड है। अंजोरा पुलिस के द्वारा अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया गया है।
